Category: यूपी-यूके इलेक्शन 2012 Published on Monday, 23 January 2012 21:42 Written by B4M
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की सभा में उस समय व्यवधान उत्पन्न हो गया जब एक शख्स ने उनके मंच की तरफ जूता उछाल दिया। वो शख्स मंच से काफी दूर था इसलिए जूता राहुल तक नहीं पहुंच सका। इस घटना से सन्न राहुल ने इसे बीजेपी की हरकत बताते हुए कहा कि वे ऐसी घटनाओं से डरने वाले नहीं। राहुल पर यह जूता उस समय फेंका गया जब वह बीजेपी के शाइनिंग इंडिया पर कमेंट कर रहे थे।
सोमवार को देहरादून के विकासनगर में राहुल गांधी की सभा थी। सभा में भारी संख्या में लोग जुटे हुए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे जब मंच से राहुल गांधी भाषण दे रहे थे, उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कि इंडिया शाइनिंग का नारा दिया गया, फिर भी देश नहीं चमका, तभी एक शख्स ने उनके मंच की ओर जूता उछाल दिया। वो शख्स जोर-जोर से कलमाडी, कलमाडी चिल्ला रहा था। आसपास के लोगों ने उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस घटना के बावजूद राहुल गांधी ने अपना भाषण जारी रखा। उन्होंने लोगों से कहा कि उस युवक के साथ मारपीट न करें और उसे पुलिस के हवाले कर दें। उन्होंने ने कहा कि ये लोग सोचते हैं कि जूता-चप्पल मार दिया तो राहुल गांधी भाग जाएगा लेकिन राहुल भागने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को गुस्सा आ गया है और उसे गुस्सा उतारना है तो फेंक दे दो-चार जूते मुझे इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जूता फेंकने वाला बीजेपी का ही कोई हो सकता है। हालांकि अभी तक उक्त व्यक्ति के बारे में पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह किसी पार्टी से जुड़ा है या आम नागरिक है।