Category: आवाजाही, कानाफूसी, सुख-दुख, इंटरव्यू... Published on Tuesday, 31 January 2012 15:12 Written by B4M
हिंदी दैनिक नवभारत के वरिष्ठ राजनितिक संवाददाता व फिल्मों में गहरी अभिरुचि रखने वाले विजय सिंह को सेंसर बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है. विजय सिंह की नियुक्ति सेन्ट्रल फिल्म सर्टिफिकेशन एडवाइजरी बोर्ड ने की है. मूलतः जौनपुर निवासी विजय सिंह मुंबई में लम्बे समय से पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं. भोजपुरी फिल्मो में भी उनकी काफी रूचि रही है.
वे बतौर सदस्य हिंदी फिल्मों के अलावा भोजपुरी फिल्मों के स्क्रीनिंग में मौजूद रह कर उन्हें उनकी काबिलियत के आधार पर सर्टिफिकेट प्रदान करने की अनुसंशा सेंसर बोर्ड से करेंगे. भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता के घोर विरोधी माने जाने वाले विजय सिंह के सदस्य बनने से भोजपुरी फिल्मों के अश्लील आइटम गाने पर रोक लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है. विजय सिंह के अनुसार एक सीमा तक अश्लीलता उचित है पर सीमा लांघने पर उस पर रोक लगाना जरुरी है. विजय सिंह की नियुक्ति पर उनके सहयोगी पत्रकार आदित्य दुबे, संदीप शुक्ला और भोजपुरी फिल्मों के प्रचारक व उनके साथ काम कर चुके उदय भगत ने उन्हें बधाई दी है.