Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

जिग्‍ना वोरा की हिरासत 9 दिसम्‍बर तक बढ़ी

मुंबई : मकोका की विशेष अदालत ने मिड डे के वरिष्ठ अपराध संवाददाता ज्योतिर्मय डे की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार पत्रकार जिग्ना वोरा की पुलिस हिरासत की अवधि नौ दिसंबर तक बढ़ा दी है। अभियोजक दिलीप शाह ने दलील दी कि पिछले कुछ दिनों में नए तथ्य सामने आए हैं और इसकी जांच किए जाने की जरूरत है। इसके बाद अदालत ने वोरा की पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ा दी। दिलीप शाह ने यह भी दावा किया कि वोरा जांच में सहयोग नहीं कर रही है।

एक अंग्रेजी समाचार पत्र के डिप्टी ब्यूरो चीफ वोरा को मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन पर माफिया सरगना छोटा राजन को जे डे की मोटर साइकिल का नंबर और पता मुहैया कराने का आरोप है। पुलिस ने यह आरोप भी लगाया है कि जिग्ना ने पेशेवर प्रतिद्वंद्विता के कारण राजन को डे की हत्या के लिए उकसाया। गौरतलब है कि 11 सितम्‍बर को जेडे की पवई इलाके में गोली मारकर हत्‍या कर दी गई थी। इस मामले में अब तक जिग्‍ना समेत दस लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल किया है। हालांकि उस चार्जशीट में जिग्‍ना का नाम नहीं है। 

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version