Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

NO.1 Indian Media Portal : भारतीय मीडिया की खबरों का सबसे बडा पोर्टल

कांग्रेस प्रत्याशी सहित दर्जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

: मामला आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का : जौनपुर । सदर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मंगलवार को कम्बल वितरण के लिये लगा स्टाल उस समय फीका पड़ गया जब शहर कोतवाल ने पहुंचकर आदर्श आचार संहिता की बात कहते हुये इसे गलत बताया जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी और कोतवाल में हल्की नोक-झोंक हुई। इसी बीच कांग्रेस प्रत्याशी तो रफूचक्कर हो गये लेकिन उड़न दस्ते ने पहुंचकर जहां कुछ कम्बलों को अपने कब्जे में ले लिया, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी, एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता सहित दो दर्जन के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हो गयी।

शहर कोतवाल विजयनाथ तिवारी ने बताया कि नगर के कोतवाली चैराहे पर मंगलवार को टांगा स्टैण्ड स्थल पर कांग्रेसजनों ने सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी नदीम जावेद के समर्थन में स्टाल लगाकर गरीबों में ठण्ड से बचाव के लिये कम्बल वितरण का कार्यक्रम बनाया था जिसमें कांग्रेस के पूर्व सांसद कमला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ नेता साजिद हमीद सहित तमाम कांग्रेसी उपस्थित थे। जैसे ही इंका प्रत्याशी नदीम जावेद पहुंचे और कम्बल वितरण कार्यक्रम शुरू हो गया, वैसे ही पुलिस ने पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुये वितरण कार्य को रोकवाने का प्रयास किया जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी व कोतवाल में हल्की नोक-झोंक का भी होना बताया जाता है।

इसी मध्य आचार संहिता के पालन हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव दयाल द्वारा गठित उड़न दस्ता भी पहुंच गया जिसे देख जहां इंका प्रत्याशी व कांग्रेस के लोग खिसक लिये, वहीं पुलिस ने कुछ कम्बल अपने कब्जे में लेते हुये धारा 171 ई व एफ के तहत इंका प्रत्याशी नदीम जावेद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता साजिद हमीद सहित दो दर्जन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया।

जौनपुर से डा. मधुकर तिवारी की रिपोर्ट

अगर आप भी यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत कई राज्यों के चुनाव से संबंधित कोई विश्लेषण, समाचार, इंटरव्यू आदि प्रकाशित कराना चाहते हैं तो उसे भड़ास टीम तक This e-mail address is being protected from spambots. You need JavaScript enabled to view it. के जरिए पहुंचा दें.

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version