Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

NO.1 Indian Media Portal : भारतीय मीडिया की खबरों का सबसे बडा पोर्टल

अवैध वसूली में पत्रकार व पुलिसकर्मियों समेत पांच पर मुकदमा

नजीबाबाद। आखिरकार तेल कारोबारी से अवैध उगाही पर पुलिसकर्मियों पर गाज गिर ही गयी। इस गोरखधंधे में संलिप्त एक पत्रकार और उसके दो साथियों पर फंदा कस गया है। जलालाबाद पुलिस चौकी के दो सिपाहियों ने पत्रकार और उसके साथियों के साथ मिलकर एक तेल कारोबारी से 30 हजार रुपए की अवैध वसूली की थी। इस मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नजीबाबाद कोतवाली में दो पुलिस कर्मियों, एक पत्रकार तथा उसके दो साथियों पर धारा 384 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार नूरपुर का तेल कारोबारी 28 दिसंबर-2011 को अपनी इंडिका गाड़ी में 100 लीटर पेट्रोल व डीजल लेकर नूरपुर जा रहा था। बताते हैं कि पत्रकार इरफान और उनके साथियों छोटू व सज्जू की सूचना पर जलालाबाद पुलिस चौकी के सिपाही सुरेंद्र कुमार त्यागी व सुरेश चंद यादव ने तेल कारोबारी रामसिंह को पकड़ लिया। इन लोगों ने तेल कारोबारी से कहा कि अगर तुम 30 हजार रुपए देते हो तो तुम्हें छोड़ देंगे वरना तुम्हें पकड़वा देंगे। तेल कारोबारी ने इन लोगों के डर से 30 हजार रुपए दे दिए।

इसके बाद तेल कारोबारी ने उनसे कहा कि उसका तेल नंबर एक का है, उसके पास तेल की रसीद भी है। उसे बहुत घाटा हो गया। उसने सिपाहियों और उनसे आधे रुपये देने को कहा तो उन्होंने देने का आश्वासन दिया, लेकिन वे लोग तेल कारोबारी को कई दिनों का टहलाते रहे।

इसके बाद तेल कारोबारी ने एसपी और डीआइजी से इस प्रकरण की शिकायत की। जांच के बाद यह शिकायत सही पायी गयी। इसके बाद तेल कारोबारी की तहरीर पर कोतवाल श्रीप्रकाश राय ने सोमवार जलालाबाद पुलिस चौकी के सिपाहियों सुरेंद्र कुमार त्यागी, सुरेश चंद्र यादव, पत्रकार इरफान व उसके दो साथियों छोटू व सज्जू के खिलाफ धारा 384 के तहत केस दर्ज कर लिया। साभार : जागरण

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version