Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

NO.1 Indian Media Portal : भारतीय मीडिया की खबरों का सबसे बडा पोर्टल

आठवीं विकास संवाद मीडिया लेखन और शोध फेलाशिप के लिए आवेदन आमंत्रित

: 20 फरवरी होगी अंतिम तिथि : भोपाल। वर्ष 2012 के लिए विकास संवाद मीडिया लेखन और शोध फेलोशिप की घोषणा कर दी गई है। इस साल प्रदेश के छह पत्रकारों को सामाजिक मुद्दों पर लेखन और शोध करने के लिए फेलोशिप दी जाएगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है। इस वर्ष (1) बच्चों का स्वास्थ्य और पोषण, (2) विस्थापन के सांस्कृतिक-सामाजिक प्रभाव (बाल अधिकारों के संदर्भ में), (3) आदिवासी स्वास्थ्य और परम्परागत ज्ञान (तब और अब), (4) शहरी गरीबी बनाम शहरी अर्थव्यवस्था में झोपड़पट्टीवासियों का योगदान और कार्यक्षमताएं, (5) शिक्षा के अधिकार कानून के दो साल और (6) बहिष्कार: विकास से वंचित समुदाय के मुद्दों पर फेलोशिप  दी जाएगी। यह फेलोशिप छह माह की अवधि की होगी। इस दौरान पत्रकारों को उनके विषयों पर लेखन और शोध कार्य करना होगा। इनमें से एक फेलोशिप में अंग्रेजी और इलेक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकार को प्राथमिकता दी जाएगी।

पत्रकार एक शोध प्रारूप, बायोडाटा, अपनी पांच ताजा प्रकाशित खबरें और लगभग 1000 शब्दों में चुने गए विषय पर एक आलेख के साथ आवेदन कर सकते हैं। पत्रकारों का चयन वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक जूरी करेगी। इस ज्यूरी में वरिष्ठ पत्रकार एनके सिंह, अरविंद मोहन, अन्नू आनंद, अरूण त्रिपाठी, रिचर्ड महापात्रा और पीपी सिंह शामिल होंगे।  फेलोशिप के दौरान पत्रकार को उनके विषय पर बीस खबरें और आलेख लिखने होंगे। विषय से संबंधित किसी एक भाग पर शोध भी अनिवार्य रूप से करना होगा। इसके साथ ही माह में कम से चार दिन के क्षेत्रभ्रमण की भी बाध्यता होगी। फेलोशिप से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र ई 7-226, अरेरा कालोनी स्थित विकास संवाद कार्यालय से लिए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए ०७५५-४२५२७८९ या ९९७७९५८९३४, ९४२५०२६३३१ पर फ़ोन किया जा सकता है ।

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version