Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

NO.1 Indian Media Portal : भारतीय मीडिया की खबरों का सबसे बडा पोर्टल

वीना मलिक ने एफएचएम पत्रिका के संपादक से दस करोड़ का हर्जाना मांगा

पत्रिका एफएचएम ने साफ किया है कि पाकिस्तानी अदाकारा वीना मलिक के साथ उन्होंने समझौते से अलग कुछ नहीं किया है. पत्रिका के ताजा अंक में वीना मलिक का न्यूड फोटो छपा है, जिसके खिलाफ मलिक ने कानूनी नोटिस भेजा है. हालांकि एफएचएम के भारतीय संस्करण का ताजा अंक अभी रिलीज नहीं हुआ है लेकिन इसकी वेबसाइट पर पत्रिका की एक झलक दिखाई गई है. इसमें पाकिस्तान की अभिनेत्री और भारतीय टेलीविजन पर रियालिटी शो करने वाली वीना मलिक बिना कपड़ों की दिख रही हैं. उनके बाएं बाजू पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का नाम गुदा हुआ भी दिख रहा है. अभी इस तस्वीर पर बवाल बढ़ ही रहा था कि मलिक ने पत्रिका द्वारा समझौता तोड़ने का दावा कर दिया.

हालांकि पत्रिका के संपादक कबीर शर्मा का कहना है कि वह मलिक के दावों से हतप्रभ हैं. उन्होंने एक समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा, "हो सकता है कि उन पर किसी तरह का दबाव पड़ रहा हो, इसलिए वह इस बात से इनकार कर रही हैं." कबीर ने तस्वीर से छेड़छाड़ से साफ इनकार किया, "हमने अपनी पत्रिका के पहले पन्ने पर कोई फर्जी तस्वीर नहीं लगाई है और न ही उनकी तस्वीर को फोटोशॉप किया गया है. यह वैसी ही तस्वीर है, जैसा कि वह दिखती हैं. उनके पास एक शानदार जिस्म है."

इधर, वीना ने अपनी न्यूड फोटो छापने वाली पत्रिका से हर्जाने के रूप में 10 करोड़ रुपए की मांग की है. इस संबंध में वीना ने पत्रिका को नोटिस भी भेज दिया है. इससे पहले वीना मलिक ने न्यूड फोटो शूट को अपना कहने से ही इनकार कर दिया था. भारतीय मीडिया में न्यूड तस्वीरों को लेकर अभी भी वर्जनाएं हैं. हालांकि वक्त के साथ यह बदल रहा है. लेकिन कट्टरपंथी पाकिस्तान में इस तरह की तस्वीर के लिए कोई जगह ही नहीं है. पत्रिका की पहली झलक आने के एक दो दिन बाद तक तो हंगामा होता रहा. उसके बाद वीना मलिक ने तस्वीर खिंचाने से ही इनकार कर दिया. भारतीय मीडिया ने वीना मलिक के हवाले से खबरें छापी हैं कि उन्होंने अपने वकील के जरिए पहला कदम उठा भी लिया है. उन्होंने पत्रिका के संपादक कबीर शर्मा और फोटोग्राफर के अलावा मैक्सपोजर कॉर्पोरेट मीडिया को कानूनी नोटिस भेज दिया है. इसमें दस करोड़ रुपये का हर्जाना मांगने की बात कही गई है. (इनपुट : डीडब्‍ल्‍यू)

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version