Category: प्रिंट, टीवी, वेब, ब्लाग, सिनेमा, साहित्य... Published Date Written by B4M
राष्ट्रीय सहारा, पटना में काम करने वाले कर्मचारी अब विभिन्न पदों को लेकर चुनाव लड़ने की बात करने लगे हैं. दरअसल अखबार में कोई चुनाव होने नहीं जा रहा है बल्कि बुधवार की शाम को मीटिंग में हुई घटना के बाद लोग चुनाव की बात कह कर मजा ले रहे हैं. सूत्रों के अनुसार हमेशा की तरह अखबार के कार्यालय में बुधवार की शाम को संपादकीय कर्मियों की मीटिंग हो रही थी. मीटिंग में संपादक हरीश पाठक मौजूद नहीं थे.
मीटिंग में सेकेंड मैन के रूप में कार्यरत किशोर केशव और डीएनई संतोष सिंह मौजूद थे. किसी खबर को पेज तीन और पांच पर लगाए जाने को लेकर बात हो रही थी. कई अन्य सीनियर पत्रकार भी वहां मौजूद थे. इसी बीच किसी खबर को तीन नम्बर पेज पर लगाए जाने को लेकर किशोर केशव और संतोष सिंह के बीच ठन गई. किशोर ने कहा कि मीटिंग को चेयर यानी लीड वो कर रहे हैं, जबकि संतोष सिंह ने कहा कि वो चेयर कर रहे हैं. बात बढ़ती चली गई. इसी बीच संतोष सिंह ने कहा कि मीटिंग चेयर कौन कर रहा है इसके लिए वोटिंग करा ली जाए. इस बात पर सब लोग हैरान रह गए. कुछ पत्रकारों ने कहा कि हम यहां खबरों के बारे में चर्चा करने के लिए आए हैं या वोट डालने.
इसके बाद खबरों पर बिना चर्चा किए सब लोग उठकर चले गए. वैसे अखबार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रीय सहारा, नोएडा से आए एक पत्र के अनुसार किशोर केशव को संपादक की अनुपस्थिति में सेकेंड मैन बनाया गया है. हालांकि बाद में आए संपादक ने खुद निर्णय लेकर खबर को लगवाया, पर मीटिंग में हुई घटना के बाद छोटे पत्रकार भी कार्यालय में खूब मजा ले रहे हैं. कोई कह रहा है कि मैं चीफ रिपोर्टर का चुनाव लड़ूगा तो कई चीफ सब का, कोई संपादक का चुनाव लड़ने की बात कहकर आनंद ले रहा है.