Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

पत्रकार से प्रोफेसर बने गोविन्द सिंह अब ब्लॉगर भी बन गए

वरिष्ठ पत्रकार और अब उत्तराखंड ओपेन विश्विद्यालय में पत्रकारिता विभाग के प्रमुख प्रोफ़ेसर गोविन्द सिंह भी ब्लॉगगिरी में कूद गए हैं. उन्होंने ''हल्द्वानीलाइव'' के नाम से ब्लॉग शुरू किया है. ब्लॉग का नाम उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के सबसे बड़े शहर और उत्तराखंड की कॉमर्शियल कैपिटल कहलाने वाले शहर हल्द्वानी के नाम पर रखा गया है. शांत स्वभाव के गोविन्द सिंह के ब्लॉग में भी वही बात दिखती है. ब्लॉग में गोविन्द सिंह अपना परिचय कुछ इस अंदाज में देते हैं-

''पिथौरागढ़ जिले में एक गांव है सौगांव, जहां आज भी सड़क नहीं पहुंची है, वहीं जन्म. चंडीगढ़ में पढ़ाई. मुंबई, कोलकाता और दिल्ली में पिछले 30 साल से पत्रकारिता. कई बार पत्रकारिता से बाहर भी छलांग लगाई. पत्रकारिता शिक्षण में भी हाथ आजमाया. धर्मवीर भारती, विश्वनाथ सचदेव, राजेंद्र माथुर, एसपी सिंह, विद्यानिवास मिश्र, विष्णु खरे, सूर्यकांत बाली, आलोक मेहता, लिया तर्ह्यून और शशि शेखर के साथ काम किया. अंतत: बहुत पुरानी ख्वाहिश- शिक्षा के क्षेत्र में लौट आया. अब अपनी दो ख्वाहिशों पर एक साथ काम कर रहा हूं. यानी पत्रकारिता भी और शिक्षण भी. उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के साथ। एक कोशिश जड़ों की ओर लौटने की भी.''

गोविंद सिंहगोविन्द सिंह ने कई वर्षों तक ईमानदारी से पत्रकारिता की. कई महत्वपूर्ण घटनाएं उनकी कलम से होकर गुजरी हैं. गोविन्द को करीब से जानने वाले लोग जानते हैं कि शिक्षा को लेकर उनका मोह सक्रिय पत्रकारिता के दौरान से ही रहा है. सक्रिय पत्रकारिता में व्यस्त रहने के बावजूद वो दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया. इंडियन इंस्टीटयूट और मॉस कम्यूनिकेशन, जवाहरलाल नेहरु विश्विद्यालय, कुमाऊं विश्वविद्यालय, गढवाल विश्वविद्यालय और इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय खुला विश्वविद्यालय में समय-समय पर छात्रों से अपने विचार और अनुभव बांटा करते थे. इसके साथ ही देश भर में फैले पत्रकारिता संस्थानों के छात्र गोविन्द सिंह से किसी न किसी तरह से जुड़े रहे हैं. अब गोविन्द पूरी तरह से पत्रकारिता शिक्षा में कूद चुके हैं. लेकिन सक्रिय पत्रकारिता से जुड़े रहने का मोह उनका बना हुआ है. तभी तो उन्होंने ब्लाग शुरू किया है. गोविन्द सिंह के ब्लॉग हल्द्वानी लाइव तक पहुंचने के लिए इस लिंक का सहारा ले सकते हैं... www.haldwanilive.blogspot.com

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version