Category: प्रिंट, टीवी, वेब, ब्लाग, सिनेमा, साहित्य... Published Date Written by B4M
न्यूयॉर्क : इंटरनेट पर मुफ़्त जानकारियां उपलब्ध कराने वाली ऑनलाइन इनसाइक्लोपीडिया वेबसाइट विकिपीडिया का अंग्रेज़ी संस्करण अमरीका में तैयार किए जा रहे ‘स्टॉप ऑनलाइन पाइरेसी विधेयक’ के विरोध में बुधवार को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है. विकिपीडिया के साथ-साथ न्यूज़ साइट ‘रेडिट’ और ब्लॉग साइट ‘बोइंग बोइंग’ ने भी तय किया है कि वे भी इस ‘ब्लैकआउट’ में हिस्सा लेंगे. हालांकि ट्विटर ने इस ब्लैकआउट में भाग लेने से इनकार कर दिया है. ये सभी साइटें 10.30 बजे से लेकर अगले 24 घंटों तक ऑफ़लाइन रहेंगी.
जिमी वेल्स ने माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा, 'छात्रों के लिए चेतावनी! अपना गृहकार्य पहले से खत्म कर लें. बुधवार को विकिपीडिया एक ख़राब विधेयक का विरोध करने जा रही है.' जिमी वेल्स के अनुसार एंटी-पाइरेसी विधेयक मीडिया की स्वतंत्रता के लिए घातक साबित होगा. दूसरी तरफ उनकी कंपनी का कहना है कि अगर ये विधेयक पारित हो जाते हैं तो इन विध्वंसकारी कानूनों से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता ‘खतरे में’ पड़ जाएगी और वैश्विक वेबसाइटों पर सेंसरशिप लागू हो जाएगी. इन वेबसाइटों को इस मामले में न्यूज कॉर्प के प्रमुख रूपर्ट मर्डोक का भी साथ मिला है. मर्डोक ने एक ट्वीट में इन विधेयकों का साथ देने के लिए राष्ट्रपति ओबामा की आलोचना की है.
दूसरी तरफ विकिपीडिया के संस्थापक जिमी वेल्स का कहना है कि ऐसे विधेयक का समर्थन करने वालों के मुताबिक़ इसका विरोध करने वाली संस्थाएं पाइरेसी की वकालत कर रही हैं या उसे बढ़ावा दे रही हैं, पर सच्चाई यह है कि वास्तव में इस विधेयक की रूपरेखा इतनी ख़राब है कि इसका असर उन साइटों पर भी पड़ेगा जिनका पाइरेसी से कुछ लेना-देना नहीं है. दूसरी तरफ अमरीकी प्रतिनिधि सभा में इस विधेयक का समर्थन करने वालों का कहना है कि ऐसा क़ानून ‘दुष्ट वेबसाइटों’ को पैसा बनाने से रोकेगा.
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी संसद के निचले सदन कांग्रेस में स्टॉप ऑनलाइन पायरेसी एक्ट (सोपा) और सीनेट में प्रोटेक्ट आईपी एक्ट (पिपा) लाए गए हैं. अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इन कानूनों से पायरेसी रोकने में मदद मिलेगी. वहीं, इस कानून का विरोध कर रहे लोगों का मानना है कि इन कानूनों की आड़ में इंटरनेट सेंसरशिप लागू करने की कोशिश हो रही है. इसके चलते अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को नुकसान पहुंचेगा.