Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल साइटों से बोर होने लगे हैं युवा

बेंगलुरू : देश के शहरी इलाकों में सोशल मीडिया के प्रति युवाओं का मोहभंग होने लगा है। अब वे फेसबुक, गूगल प्लस, ट्विटर, आर्कुट, लिंकडिन, माईस्पेस, फ्रेंडस्टर, आई-5 और बिग अड्डा जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों पर कम समय दे रहे हैं। उद्योग मंडल एसोचैम द्वारा अहमदाबाद, बेंगलुरू, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे में 12 से 25 वर्ष की आयु वर्ग के 2,000 युवाओं के बीच कराए गए सर्वेक्षण में युवाओं में सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों के प्रति रुझान में कमी देखी गई। यह सर्वेक्षण पिछले साल अक्टूबर और दिसंबर के बीच कराया गया।

एसोचैम के महासचिव डीएस रावत ने सर्वेक्षण के नतीजे जारी करते हुए बताया कि युवाओं के बीच सोशल मीडिया के प्रति दिलचस्पी घटी है और उन्होंने अपनी डिजिटल पहचान बढ़ाने के बजाय अन्य महत्वपूर्ण चीजों पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। सर्वेक्षण में करीब 55 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर समय बिताना कम कर दिया है और अब वे अपने पसंदीदा सोशल नेटवर्क को लेकर उतने उत्साहित नहीं हैं जितना शुरुआती दिनों में हुआ करते थे।

सर्वे में 30 फीसदी ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अकाउंट को या तो निष्क्रिय या फिर डिलीट कर दिया है। अब उन्हें इसमें रुचि नहीं है, जबकि कुछ का कहना है कि सोशल नेटवर्किंग के चलते उनकी निजता में खलल पड़ रही थी, इस वजह से उन्होंने इसका इस्तेमाल कम कर दिया है। अब वह कई-कई दिन तक लॉग इन नहीं करते हैं। 20 फीसदी लोगों का कहना है कि अब वे इन वेबसाइटों की बजाए अपने दोस्तों के संपर्क में रहने के लिए ब्लैकबेरी, मैसेंजर और मोबाइल की अन्य सुविधाओं का प्रयोग करना अधिक पसंद करते हैं। (एजेंसी)

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version