Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

महुआ बांग्‍ला ने 22 लोगों को निकाला, ऑफ एयर की तैयारी शुरू

: थमाया गया अलविदा का नोटिस, नया प्रोडक्‍शन बंद : कोलकाता: इनकम टैक्‍स की कार्रवाइयों ने लगता है जैसे पीके तिवारी की सारी अकड़ फूं कर दी है। यूपी-उत्‍तराखंड की तैयारियां तो हवा में उड़ चुकी हैं, उधर महुआ बांग्‍ला इंटरटेनमेंट का तिया-पांचा होने लगा है। कल शाम कोलकाता आफिस में काम कर रहे 22 कर्मचारियों को भी नौकरी से हटाने का नोटिस थमा दिया गया। जाहिर है कि अब यहां हड़कम्‍प मचा हुआ है।

महुआ चैनल अब महुआ पीकर मस्‍त दिखने लगा है। भारी तामझाम अब धरे के धरे नजर आ रहे हैं। ओलंपिक आयोजन जैसे धूमधाम से शुरू हुए इस चैनल से महुआ प्रबंधन अब तक करीब डेढ़ सौ लोगों की नौकरियां खाकर उन्‍हें गर्त में ढकेल चुका है। अभी कुछ ही समय पहले ही इस चैनल को कोलकाता से हटा कर नोएडा शिफ्ट करने के नाम पर पचास से ज्‍यादा लोगों को नौकरी से हटाया जा चुका था कि 22 अन्‍य कर्मचारियों को भी नौकरी से हटाया जा रहा है।

कहने की जरूरत नहीं कि अपनी शुरुआत के बाद से ही बंगाल में सबसे निचले पायदान पर आ चुके इस चैनल को अब ऑफ एयर करने का महुआ प्रबंधन मन बना चुका है। इसके लिए सारी तैयारियां भी कर ली गयी हैं। नये कार्यक्रमों का निर्माण बंद कर दिया गया है और इसे पुराने रिले हो चुके कार्यक्रमों के बल पर चलाया जा रहा है। पीडित कर्मचारी दरअसल प्रबंधन के रवैये से बेहद त्रस्‍त हैं। उनका कहना है कि केवल अपने चिंटुओं पर भरोसा कर पीके तिवारी ने उन्‍हें तो भारी-भरकम वेतन पर रख लिया है, जबकि छोटे और जमीनी हकीकत पर काम करने वाले लोगों को सलटाने में जुटे हैं।

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version