Category: प्रिंट, टीवी, वेब, ब्लाग, सिनेमा, साहित्य... Published Date Written by B4M
मैं भी एक नए न्यूज़ चैनल के बारे में शिकायत करना चाहता हूँ. शायद आपके जानकारी में "सी न्यूज़" होगा. ये न्यूज़ चैनल आगरा से लॉन्च हो रहा है. इसमें चैनल हेड कल्याण कुमार बनाये गए हैं. ये इससे पूर्व में वोइस ऑफ़ इंडिया में एसाईनमेंट हेड हुआ करते थे. फिलहाल चैनल की बात करते हैं. इस चैनल का भी वही हाल है जो यूपी न्यूज़ का है. इन्हें भी हर खबर के पैसे चाहिए. कल्याण जी फ़ोन करते हैं तो अपने हर रिपोर्टर और स्ट्रिंगर से सिर्फ ये बात करते हैं कि चुनाव करीब है, आपको एक-एक विधायक से कम से कम पच्चीस लाख रूपए का विज्ञापन लेना है.
किसी नेता की बाईट चलानी है तो उससे पांच लाख रूपए का विज्ञापन लेना है. कमिश्नरी बुलेटिन में जिस व्यापारी या अधिकारी की बाईट चलेगी उससे भी विज्ञापन लेना है. हर खबर पर विज्ञापन चाहिए. तभी आप सबको पेमेंट मिलेगी. सर हद तो तब हो गयी जब इन्होंने कहा कि आप अपने जिले के दस बड़े व्यापारी से बात कर लें, उनसे "सी न्यूज़" के लिए एक साल का तीस लाख का विज्ञापन ले लीजिये. इस तीस लाख से "सी न्यूज़" उनके हर कार्यक्रम को कवर करेगा. उनको गाड़ी में लगाने के लिए "सी न्यूज़" का स्टीकर मिलेगा.
इसके अलावा उनके लिए वो पुलिस थाने का भी मसला भी हल करेगा. अब सर आप ही बताइए इतने नियम शर्तों के साथ कौन इनके साथ काम कर सकेगा. पिछले ३ महीनों से इस संस्थान ने एक भी रूपए नहीं दिए हैं अपने किसी भी रिपोर्टर और स्ट्रिंगर को. जब पैसों की बात करो तो एक ही जवाब मिलता हैं कि बिल बनाकर भेज दो, पेमेंट जल्द हो जाएगी, सबको पैसा मिलेगा, हम चोर नहीं हैं. सर आपसे अनुरोध है कि क्या कोई ऐसा कदम नहीं उठाया जा सकता है जिससे इस तरह के चैनल पर रोक लग सके ताकि ये धंधेबाज चैनल वाले जिलों में काम कर रहे स्ट्रिंगरो और रिपोर्टर का फायदा न उठा सकें. उनको जो झूठा आश्वासन दिया जाता है कि आपकी पेमेंट आपको मिलेगी, इन सब झंझटों से मुक्ति मिल सके.
सर मैंने श्री काटजू जी के बारे में सुना है कि वो न्यायप्रिय व्यक्ति हैं. सर, मैं अपनी ये समस्या उन तक पहुचाना चाहता हूँ. आपसे अनुरोध करता हूँ कि आप मेरा मार्गदर्शन करें ताकि इस तरह के चैनल बंद हों और इनके मालिक और चैनल में बैठे उच्चपदासीन अधिकारी जो सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाते हैं, उन पर नकेल कसी जा सके.
यूपी के एक जिले से एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित. भड़ास4मीडिया ने अपने लेवल पर तथ्यों की तहकीकात कर ली है जो पूरी तरह सही पाई गई है. अगर इस पर सी न्यूज या कल्याण कुमार या अन्य किसी को कुछ कहना हो तो अपनी बात This email address is being protected from spambots. You need JavaScript enabled to view it. पर मेल कर सकते हैं.