Bhadas4Media

Switch to desktop Register Login

न्‍यू मीडिया में कपिल सिब्‍बल पर हमले तेज

नई दिल्ली : सरकार की ओर से सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर डाले जाने वाले कंटेंट पर निगरानी करने संबंधी पहल को लेकर कपिल सिब्बल इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों के निशाने पर आ गए हैं। इंटरनेट की दुनिया में सरकार की ओर से की जाने वाली कथित सेंसरशिप को लेकर सख्त प्रतिक्रिया जताई जा रही है। सांसद राजीव चंद्रशेखर, लेखिका शोभा डे और फिल्मकार शेखर कपूर जैसी हस्तियों ने भी सिब्बल के उस बयान पर नाखुशी जाहिर की है।

इन हस्तियों का कहना है कि सरकार विचारों पर सेंसर नहीं लगा सकती और अभिव्यक्ति की आजादी को भी नहीं दबाया जा सकता। सांसद चंद्रशेखर ने अपने ट्वीट में कहा है कि क्या आप सोच सकते हैं कि दूरसंचार विभाग में कुछ नौकरशाहों को काम दिया जा रहा है कि वे इंटरनेट पर संदेश-सामग्री के बारे में फैसला करें कि ये उचित हैं अथवा अनुचित। मशहूर स्टॉक ब्रोकर राकेश झुनझुनवाला ने कहा कि मैं नहीं समझता कि सिब्बल को इंटरनेट की समझ भी है। जब आप दूरसंचार विभाग का मंत्री एक वकील को बना देते हैं तो ऐसा ही होता है।

फिल्मकार शेखर कपूर ने ट्वीट में कहा कि सोशल मीडिया पर हर व्यक्ति क्षमतावान और प्रभावशाली है। यह सरकार के रखवालों को डरा रहा है। लेखिका शोभा डे ने कहा कि सिब्बल साहब, यह कदम इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले 10 करोड़ लोगों के इस देश में एक मैडम की निजता सुरक्षित करने के लिए है? हम आजादी पंसद करते हैं और इसे बरकरार रखेंगे। साभार : एजेंसी

कापीराइट (c) भड़ास4मीडिया के अधीन.

Top Desktop version