लखनऊ से खबर आ रही है कि पत्रकार कल्याण सिंह ने राजाजीपुरम इलाके में खुद को गोली मार ली है। गोली लगने के बाद पत्रकार को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कल्याण सिंह आज न्यूज़ पेपर में वरिष्ठ संवाददाता के पद पर कार्यरत बताए जाते हैं। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान कल्याण सिंह की मौत की खबर मिलने के बाद साथी मीडिया कर्मियों में शोक का माहौल है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। यह घटना तालकटोरा थाना क्षेत्र स्थित राजाजीपुरम इलाके की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
दुकान हटाए जाने से परेशान होकर खुद को मारी गोली!
राजधानी से प्रकाशित दैनिक “आज” से जुड़े पत्रकार कल्याण सिंह द्वारा आज खुद को गोली मार लिए जाने की घटना के पीछे जो प्रारंभिक जानकारी निकल कर सामने आ रही है उसके अनुसार कल्याण सिंह ने बाजारखाला थाना क्षेत्र में एवरेडी तिराहे के पास नॉनवेज की दुकान खुलवाई थी जिसे दो दिन पूर्व नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गिरा (हटा) दिया था जिसको लेकर कल्याण सिंह परेशान चल रहे थे वहीं तालकटोरा पुलिस ने दबे शब्दों में यह भी बताया कि ये भी कहा जा रहा है कि आज पत्नी से कुछ कहासुनी होने के बाद कल्याण सिंह ने 12 बोर की लाइसेंसी अद्धी बंदूक से अपने पेट में गोली मार ली जो पसलियों के नीचे लगी। ट्रामा में इलाज के दौरान कल्याण सिंह की मृत्यु हो गयी। पत्रकार की मृत्यु की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी व पत्रकार बड़ी संख्या में ट्रामा पहुंच गये हैं।