Connect with us

Hi, what are you looking for?

Uncategorized

मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के 11वें राज्य सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट

सागर : समाज में जाति और वर्ण व्यवस्था जितनी पुरानी है, उसका विरोध भी उतना ही पुराना है। पूंजीवाद का विकास भ्रम, भूत के पांव की तरह है। विकास के भ्रम में हम विनाश को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत में शोषण का मूल ढांचा सामंतवाद है, इस पर प्रहार करने से, वायवीय ढांचा, यानी पूंजीवाद अपने आप टूट जाएगा। यह बात बनारस से आए प्रो चौथीराम यादव ने मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के 11वें राज्य सम्मेलन में कही। 17-18 नवंबर को सागर में हुए इस दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित हुई। कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से वसुधा के संपादक और वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजेन्द्र शर्मा को अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता एवं कवि श्री विनीत तिवारी को महासचिव चुना गया। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान तीन सत्रों में देश-प्रदेश के करीब 200 कवि, कथाकार, पत्रकार, रंगकर्मी शरीक हुए। सम्मेलन में मप्र प्रलेस की 21 ईकाइयों ने शिरकत की। इस दौरान उद्घाटन सत्र से पूर्व सभी रचनाकारों ने शहर में एक लंबी रैली निकाली, जिसमें जनगीत और नारे लगाए गए। स्थानीय लोगों ने भी लेखकों के साथ उत्साह के साथ हिस्सेदारी की।

<p>सागर : समाज में जाति और वर्ण व्यवस्था जितनी पुरानी है, उसका विरोध भी उतना ही पुराना है। पूंजीवाद का विकास भ्रम, भूत के पांव की तरह है। विकास के भ्रम में हम विनाश को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत में शोषण का मूल ढांचा सामंतवाद है, इस पर प्रहार करने से, वायवीय ढांचा, यानी पूंजीवाद अपने आप टूट जाएगा। यह बात बनारस से आए प्रो चौथीराम यादव ने मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के 11वें राज्य सम्मेलन में कही। 17-18 नवंबर को सागर में हुए इस दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित हुई। कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से वसुधा के संपादक और वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजेन्द्र शर्मा को अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता एवं कवि श्री विनीत तिवारी को महासचिव चुना गया। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान तीन सत्रों में देश-प्रदेश के करीब 200 कवि, कथाकार, पत्रकार, रंगकर्मी शरीक हुए। सम्मेलन में मप्र प्रलेस की 21 ईकाइयों ने शिरकत की। इस दौरान उद्घाटन सत्र से पूर्व सभी रचनाकारों ने शहर में एक लंबी रैली निकाली, जिसमें जनगीत और नारे लगाए गए। स्थानीय लोगों ने भी लेखकों के साथ उत्साह के साथ हिस्सेदारी की।

सागर : समाज में जाति और वर्ण व्यवस्था जितनी पुरानी है, उसका विरोध भी उतना ही पुराना है। पूंजीवाद का विकास भ्रम, भूत के पांव की तरह है। विकास के भ्रम में हम विनाश को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत में शोषण का मूल ढांचा सामंतवाद है, इस पर प्रहार करने से, वायवीय ढांचा, यानी पूंजीवाद अपने आप टूट जाएगा। यह बात बनारस से आए प्रो चौथीराम यादव ने मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के 11वें राज्य सम्मेलन में कही। 17-18 नवंबर को सागर में हुए इस दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित हुई। कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से वसुधा के संपादक और वरिष्ठ साहित्यकार श्री राजेन्द्र शर्मा को अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता एवं कवि श्री विनीत तिवारी को महासचिव चुना गया। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान तीन सत्रों में देश-प्रदेश के करीब 200 कवि, कथाकार, पत्रकार, रंगकर्मी शरीक हुए। सम्मेलन में मप्र प्रलेस की 21 ईकाइयों ने शिरकत की। इस दौरान उद्घाटन सत्र से पूर्व सभी रचनाकारों ने शहर में एक लंबी रैली निकाली, जिसमें जनगीत और नारे लगाए गए। स्थानीय लोगों ने भी लेखकों के साथ उत्साह के साथ हिस्सेदारी की।

विभिन्न सत्रों की शुरुआत में अशोकनगर इप्टा, दमोह इप्टा एवं अन्य साथियों ने जनगीत गाए। सम्मेलन के दौरान दो लघु फिल्म ‘‘गांव छोड़ब नाही’’ और ‘‘अमेरिका-अमेरिका’’ का प्रदर्शन और प्रलेसं की विभिन्न इकाइयों से संबंद्ध 12 पुस्तकों एवं दो पत्रिकाओं का विमोचन भी किया गया। समापन अवसर पर हुए काव्यपाठ का संयोजन प्रख्यात कवि कुमार अंबुज ने किया। सम्मेलन के दौरान प्रख्यात चित्रकार पंकज दीक्षित, मुकेश बिजौले और अशोक दुबे की ओर से चित्र प्रदर्शनी लगाई गई थी। सम्मेलन के दौरान तीन सत्रों में विभिन्न विषयों पर विमर्श किया गया। विमर्श के दौरान मप्र प्रलेस के महासचिव श्री विनीत तिवारी ने कहा कि एक समय में ट्रेड यूनियन, किसान संगठन आदि ने लेखक संगठनों को आगे बढ़ाया था, आज वे खतरे में हैं, तो लेखक संगठनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे उन्हें मजबूत करें, उनके बीच जाएं।

प्रख्यात कथाकार सुश्री नूर जहीर ने कहा कि आदिवासी साहित्य लिखा जाए, पढ़ा जाए इस बात का सभी समर्थन करते हैं, लेकिन सवाल यह भी है कि क्या हममें उसे उच्च और महान मानने का साहस भी है? सम्मेलन में वरिष्ठ कवि श्री नरेश सक्सैना ने कहा कि आज किताबों की बिक्री घट रही है। हिंदी पढ़ने की प्रवृत्ति कम होते जाना एक बड़ा खतरा है, और इसके लिए लेखकों को एकजुट प्रयास करने चाहिए। 17 नवंबर को सम्मेलन के पहले सत्र में ‘‘वंचितों का समाज और साहित्य’’ विषय पर सुप्रसिद्ध कथाकर सुश्री नूर जहीर की अध्यक्षता में विमर्श किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्तव्य महाराष्ट्र के नंदुरबार से आए कवि श्री वाहरू सोनवणे ने दिया। इसके अलावा वरिष्ठ आलोचक प्रो चौथीराम यादव, वरिष्ठ कवि श्री राजेश जोशी, उद्भावना के संपादक श्री अजेय कुमार, मप्र प्रलेसं के महासचिव श्री विनीत तिवारी, श्री ओमप्रकाश शर्मा, श्री महेंद्र सिंह, सुश्री सुसंस्कृति परिहार एवं श्री अभय नेमा ने भी संबोधित किया। सत्र का संचालन श्री तरूण गुहा नियोगी ने किया।

इसी दिन शाम में दूसरे और औपचारिक उद्घाटन सत्र में ‘‘शोषण के नये चेहरे और विकल्प की संस्कृति’’ विषय पर विमर्श किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ आलोचक प्रो चौथीराम यादव ने की एवं आधार वक्तव्य प्रलेसं के राष्ट्रीय महासचिव डॉ अली जावेद ने दिया। सत्र को जनवादी लेखक संघ मध्यप्रदेश के सचिव श्री राम प्रकाश त्रिपाठी, जनसंस्कृति मंच के राष्ट्रीय सह सचिव सुधीर सुमन, प्रलेसं के राष्ट्रीय सचिव मंडल के सदस्य श्री राजेन्द्र राजन एवं प्रो चौथीराम यादव ने भी संबोधित किया। सत्र का संचालन श्री विनीत तिवारी ने किया।

18 नवंबर को ‘‘प्रगतिशील सांस्कृतिक संगठनों की जरूरत और उनके कार्यभार’’ विषय पर विमर्श किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता श्री राजेंद्र राजन ने की। सत्र को जलेस मप्र के सचिव श्री रामप्रकाश त्रिपाठी, मप्र प्रलेसं के अध्यक्ष मंडल के सदस्य और प्रख्यात कवि कुमार अंबुज, उद्भावना के संपादक और जलेस के महासचिव श्री अजेय कुमार, वरिष्ठ कवि श्री नरेश सक्सैना, श्री कुंदन सिंह परिहार, श्री बहादुर सिंह परमार, श्री संतोष खरे, श्री सत्यम पांडे, श्री दिनेश भट्ट, श्री पंकज दीक्षित, श्री ओमप्रकाश शर्मा, श्री गफूर तायर, श्री अरविंद श्रीवास्तव, श्री महेंद्र फुसकेले, श्री अश्विनी दुबे, श्री हरनाम सिंह, श्री वीएस नायक, श्री अभिषेक तिवारी और सचिन श्रीवास्तव  ने भी संबोधित किया। सत्र का संचालन श्री विनीत तिवारी ने किया।

पहला सत्र : विषय : वंचितों का समाज और साहित्य

कार्यक्रम की शुरूआत में अशोकनगर इप्टा के साथी हरिओम राजोरिया, श्याम मुदगिल, निवेदिता शर्मा, सीमा राजोरिया, राजेश खैरा और विशंभर भास्कर ने कबीर के गीत गाए। हारमोनियम पर सुश्री रामदुलारी शर्मा और तबले पर सिद्धार्थ शर्मा ने संगत की। पहले सत्र की शुरूआत करते हुए श्री वाहरू सोनवणे ने कहा कि वंचित समाज के बारे में बात करते हुए हमें कुछ सवालों से गुजरना पड़ता है। वंचित कौन हैं? कहां रहते हैं? वे क्यों वंचित हैं? इन सवालों के साथ जो जवाब उभरते हैं, वे साफ करते हैं कि वर्ग, जाति और पुरुष प्रधानता वंचितों के दर्द की प्रमुख वजहें हैं। इन तीन कारणों से उनके इंसान होने को भी नकारा जाता है। उन्होंने कहा कि हम जब आदिवासी की बात करते हैं, तो बड़े गर्व से कहते हैं कि आदिवासी इस धरती के पहले मानव थे। आदिवासी के संदर्भ में यह गर्व की बात नहीं है, गर्व की बात तो वे जीवन मूल्य हैं, जो आदिवासी संस्कृति में हैं। यह समूह की संस्कृति है, प्रकृति की गति से एकाकार होने की संस्कृति है, और यही गर्व करने लायक बात भी है। मानव जीवन में शोषण की संस्कृति का मुख्य आधार व्यक्तिगत जीवनशैली है। आज पूंजीवादी समाज में इसे ही बढ़ावा दिया जा रहा है, और मनुष्य भी इस जाल में फंसता चला जा रहा है। विकास की प्रक्रिया में समूह की जिंदगी को व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए छोड़ दिया गया, इसी से वंचित समाज का निर्माण भी हुआ। सामूहिक जीवन में वंचित समाज का निर्माण नहीं हुआ है। यह बाद में हुआ।

उन्होंने कहा कि आज लेखन का सबसे जरूरी सवाल है कि हम किसके लिए लिखते हैं। यह सवाल हर लेखक को अपने आप से पूछना होगा। वह समूह के लिए लिखता है, उसके दर्द को समझने और समझाने के लिए लिखता है, या फिर व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए लिखता है। श्री सोनवणे ने कहा कि आज साहित्य के साथ एक समस्या यह है कि जो साहित्य लिपिबद्ध नहीं है, उस पर बात ही नहीं हो रही है। आदिवासी समाज का विशाल साहित्य लिपिबद्ध ही नहीं हुआ है। आज साहित्यकारों का दायित्व है कि वे आदिवासी साहित्य को लिपिबद्ध करें, इसके लिए सामूहिक प्रयास ही कारगर होंगे।

उन्होंने कहा कि आदिवासियों के साथ नाइंसाफी हर जगह हुई है। साहित्य में तो उन्हें राक्षस की संज्ञा तक दी गई। आखिर यह देखना चाहिए कि जो ऋषि मुनि जंगल में यज्ञ-हवन करते थे, उसे वे लोग क्यों नहीं होने देते थे। असल में तो जंगल के मूल निवासियों के जीवन पर वह पहला अतिक्रमण था, जो उन्हें जंगल से बेदखल करके किया जा रहा था। आदिवासियों के पास न तो सेना थी, और न ही संसाधन, तो वे यज्ञ-हवन में विघ्न डालकर ही अपना गुस्सा जाहिर करते थे। इन्हीं सुदूर प्रदेशों के राजाओं को, हमारे साहित्य ने राक्षस बना दिया। वे नरभक्षी नहीं थे, उनके भी बच्चे थे, जिन्हें वे पालते-पोसते थे। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के प्रति हमारे साहित्य का नजरिया गलत रहा है। आदिवासियों से अन्याय के उदाहरणों की भरमार है, एकलव्य तो महज उसकी शुरूआत है। एकलव्य से लेकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम तक, ऐसे उदाहरण भरे पड़े हैं। गांधी का जिक्र आता है, तिलक का आता है, बोस का भी स्वतंत्रता संग्राम में योगदान याद किया जाता है, लेकिन आदिवासी समाज उस समय क्या कर रहा था, इसके प्रति इतिहास चुप है? ऐसा क्यों है? इसे समझना चाहिए।

Advertisement. Scroll to continue reading.

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के गीतों में साहित्य के जो सरोकार दिखाई देते हैं, वह समतामूलक समाज के सरोकार हैं। इनमें दहेज विरोध भी है, और संघर्ष की बात भी है। वंचित समाज के प्रति हमे अपने दृष्टिकोण को बदलना होगा, जो सामंती मूल्य दिमाग में पैठ बना चुके हैं, उनसे लड़ना होगा, उन्हें पहचानना होगा। जीवन व्यवहार में मूल्यों को अहमियत देकर ही हम वंचित समाज के पक्ष में खड़े हो सकते हैं। बनारस से आए प्रो चौथीराम यादव ने कहा कि हमारे समाज में जाति और वर्ण व्यवस्था जितनी पुरानी है, उसका विरोध भी उतना ही पुराना है। साहित्य से लेकर समाज तक सामंती-ब्राम्हणवादी व्यवस्था का लगातार विरोध होता रहा है। कबीर ने 600 साल पहले वंचितों के दुख के लिए जिम्मेदार लोगों की शिनाख्त की थी, यह लोग थे- पंडे, पुरोहित, मुल्ला और मौलवी। कबीर ने बताया कि शोषण आधारित व्यवस्था को यही लोग पुष्ट करते हैं। साथ ही यह भी साफ किया कि शोषण का विरोध करने वालों को समाज से ही लगातार प्रताड़ित होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 600 साल बाद धूमिल ने अपने समय के शोषक वर्ग की पहचान की। फिर नागार्जुन ने भी उनकी शिनाख्त की। नागार्जुन ने बताया कि कैसे संसद में पहुंचने के बाद जनता के लोगों का भी चरित्र बदल जाता है। वे उसी व्यवस्था में शामिल हो जाते हैं, जो अन्याय, शोषण को बढ़ाती है। 70 के दशक में नागार्जुन ने लिखा- ‘‘आग उगलते थे, जो साथी, उनके चिकने गाल हो गए…’’

उन्होंने कहा कि जाति और लिंग भेद शोषण के प्रमुख हथियार हैं। लिंग भेद से स्त्री पर पुरुष की श्रेष्ठता को, और जाति भेद से पुरुष पर पुरुष की श्रेष्ठता पर आधारित शोषण को खाद-पानी मिलता है। स्त्री के शोषण के लिए अन्य तरह से भी मजबूत किया गया, उसके सौंदर्य की प्रशंसा और पतिव्रता के खोल बना दिये गए।

प्रो यादव ने कहा कि सवाल उठता है कि आखिर वह कौन सी भारतीय संस्कृति है, जो पुरुष को हर तरह की स्वछंदता देती है, और स्त्री पर सभी प्रकार से नियंत्रित करती है। मानसिकता में बदलाव लाए बिना हम स्त्री के शोषण और उसके दुख को नहीं समझ सकते।

उन्होंने कहा कि दलित साहित्य दो तरह का है, एक जो दलित खुद लिख रहे हैं, दूसरा गैर-दलितों की ओर से लिखा गया साहित्य। गैर-दलितों के दलित लेखन का केंद्र प्रेमचंद हैं। प्रेमचंद की परंपरा पुरानी है, वह सुदीर्घ है, लेकिन दलितों के लेखन का इतिहास महज 30 साल का है। इसे यह कहकर खारिज करने की कोशिश की जाती है कि इसमें तो सिर्फ विवरण हैं, महज आत्मकथाएं हैं, लेकिन यह आधा सच है। हैरत और खुशी इस बात की है कि महज 3 दशक में ही दलित लेखकों ने खूब लिखा है, वे अपना सौंदर्यशास्त्र भी गढ़ रहे हैं। तीन दशक में आलोचना की तीन-तीन महत्वपूर्ण किताबें आ चुकीं हैं। जिस समाज को पढ़ने से ही वंचित किया गया था, उसके लेखन की यह गति आश्वस्त करती है। दलित साहित्कार आकांक्षी भी नहीं है, उसे अपना दुख कहना है, अपने समाज के दर्द को सामने लाना है। यह वह बखूबी कर रहा है।

उन्होंने कहा कि दलित समाज ने हाल ही में एफडीआई का भी समर्थन किया है, संभवतः इसके पीछे वजह यही है कि दलित समाज में पूंजीवादी-भूमंडलीकरण का शोषण उतना नहीं है, जितना सामंती शोषण है। यह जो आंतरिक औपनिवेशवाद है, यानी सामंती औपनिवेशवाद, यह दलितों का बड़ा शत्रु है। स्त्री को दोयम दर्जे की नागरिक समझना भी इसी सामंती औपनिवेशवाद की देन है। इस तरह देखें, तो दलित-स्त्री समाज दोहरी गुलामी से पीड़ित रहा है। साम्राज्यवादी और सामंती गुलामी से। भारतीय समाज में इस मूल ढांचे, सामंतवाद पर प्रहार करने से, वायवीय ढांचा, जो पूंजीवाद का है, वह अपने आप टूट जाएगा। वरिष्ठ कवि श्री राजेश जोशी ने कहा कि 80 के दशक के उत्तरार्ध और 90 के पूर्वार्ध में पांच घटनाएं एक साथ हुईं। सोवियत संघ का विघटन, नई अर्थ नीति, नई तकनीक, मुक्त बाजार और अस्मिता विमर्श का उभार। इसी दौरान विचारधारात्मक विमर्श कम होते गए, और उनकी जगह अस्मिता विमर्श ने ले ली। इस तरह अस्मिता विमर्श, विचारधारात्मक विमर्श का स्थानापन्न बना। इस बदलाव पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। अस्मिता विमर्श के बारे में बात करते हुए या तो हम तुष्टिकरण करते हैं, या फिर उसके सुर में सुर मिलाने लगते हैं। यह दोनों ही स्थितियां खतरनाक हैं।

उन्होंने कहा कि अस्मिता विमर्श में यह बात दिखाई देती है कि स्त्री, दलित, आदिवासी जैसे मुद्दों पर मार्क्सवादी चिंतन ने सवाल ही नहीं किया है? यहां रोजा लिक्जम्बर्ग और लेनिन के बीच हुए पत्र व्यवहार और क्लारा जेटकिन तक के विमर्श को भुला दिया जाता है। 15वीं सदी में जो कबीर का काल है, वही काल समाज में कारीगर जातियों के उदय का भी वक्त है। इस बात पर भी गौर करना चाहिए कि समाज में उस समय छोटी-छोटी कारीगर जातियां बाजार में जगह बना रही थीं। यह महत्वपूर्ण सवाल है। उन्होंने कहा कि साथ ही एक और बात पर गौर करने की जरूरत है। हिंदी का जो दलित विमर्श है, उसका राजनीति से सीधा जुड़ाव नहीं है। उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति का सत्ता तक पहुंचने के बावजूद दलित साहित्य की अलग धारा है। जबकि मराठी में ऐसा नहीं है। मराठी में दलित साहित्य और राजनीति के बीच रिश्ता रहा है। इस रिश्ते में मार्क्सवादी साहित्यकार किनारे कर दिए गए और अंबेडकरवादी सामने आए। देखना चाहिए कि आखिर उनकी परिणति कहां हुई, कुछ शिवसेना में चले गए और फैलोशिप में बिखर गए। नामदेव ढसाल का नाम जिस तेजी से उभरा और फिर उनका हश्र हमारे सामने है, यह राजनीति क्यों हुई? इस सवाल पर भी गौर करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसी के समानांतर दलित साहित्य के दिग्गज आलोचक डॉ धर्मवीर अपना रचनाकर्म कर रहे थे। उनके निशाने पर मुख्यतः प्रेमचंद, हजारी प्रसाद द्विवेदी और डॉ रामविलास शर्मा रहे। ये तीनों ही मूलतः वाम विचार के लेखक हैं, इस तरह वाम वैचारिकी का विरोध भी अपने आप में एक सवाल है। श्री जोशी ने कहा कि इन सवालों के साथ देखें तो लगता है कि अस्मिता विमर्श बेहद खतरनाक बिंदू पर आ गए हैं। वे कभी भी समाज को बदलने की बड़ी राजनीति का हिस्सा बने हों, ऐसा दिखाई नहीं देता है। ऐसा हुआ भी नहीं है। इन सवालों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। श्री ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि आज जीवन मूल्य बदल रहे हैं, इसके साथ ही दलित, स्त्री प्रश्न भी उभर रहे हैं। इन पर तथ्यात्मक दृष्टि से विचार करना होगा। श्री महेंद्र सिंह ने कहा कि हालिया लेखन में कृषि और मजदूर समाज हाशिए पर डाले जा रहे हैं। एक वायवीय प्रणाली विकसित हो रही है, जिसमें मूल मुद्दे बेहद सफाई से पीछे धकेले जा रहे हैं। मूल मुद्दा किसान-मजदूरों का है, जबकि उनके बारे में लिखे जा रहे साहित्य की मात्रा बेहद कम है। आज किसान-मजदूरों का बहुसंख्यक समाज निहत्था अपनी लड़ाई लड़ रहा है, लेखकों से यह अपेक्षा की जानी चाहिए कि वे उनके अस्त्र बनें और लड़ाई में साझेदारी करें।

सुश्री सुसंस्कृति परिहार ने कहा कि बुंदेली समाज भी आदिवासी समाज की ही तरह लोक से परिपूर्ण है। वंचितों की मुक्ति की बात करते हुए अपने घर से ही इसकी शुरूआत करनी होगी। अपनी लड़ाई कोई दूसरा नहीं लड़ सकता, इसलिए स्त्रियों को अपना लेखन, अपनी बात स्वयं करनी होगी। स्त्रियों को आदिवासी समाज से इसकी प्रेरणा लेनी चाहिए। श्री अभय नेमा विभिन्न राजनीतिक उदाहरणों के तहत स्त्री, दलित और आदिवासी आंदोलनों के अंतर्द्वंद्व सामने रखे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय में उप समूहों का लोप हो रहा है, उनकी पहचान मिट रही है। महाराष्ट्र में दलित आंदोलन मजबूत रहा है, उसकी राजनीति से भी संबंद्धता है, लेकिन वहां कोई भी दलित सत्ता में नहीं है। श्री योगेश दीवान ने कहा कि वंचित तबकों की जो लड़ाई है, उसका आर्थिक नजरिया अब तक विकसित नहीं हो सका है? उन्होंने सवाल उठाया कि यह महज पहचान की ही लड़ाई क्यों बनी रह गई। उन्होंने कहा कि अस्मिता तोड़ने का काम करती है। देश में अलग-अलग अस्मिताओं की लड़ाई चल रही है, जबकि मूल सवाल भिन्न है। खदान, जमीन के सवालों को केंद्र में लाकर अस्मिता संघर्षों को एक साथ लाया जा सकता है, जो बड़े बदलाव की भूमिका तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहचान की लड़ाई में एक किस्म की कट्टरता भी होती है, यह गर्व की भाषा को प्रश्रय देती है, जो अन्य सवालों को गौड़ कर देती है।  यहां समझना होगा कि विस्थापित की पहचान विस्थापित क्यों नहीं है, या फिर मजदूर की पहचान मजदूर ही क्यों नहीं है। अस्मिता संघर्ष को वर्ग की लड़ाई से जोड़ना आज का प्रमुख कार्यभार है।

उद्भावना के संपादक श्री अजेय कुमार ने दक्षिण अफ्रीका का उदाहरण देते हुए बताया कि रंग भेद की लड़ाई ने भी वर्ग भेद को नहीं मिटाया है। आज भी अफ्रीका में बाजार, अर्थ, और राजनीति पर गोरों का ही कब्जा है। उन्होंने 1952 के तेलंगाना का उदाहरण देते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और डॉ अंबेडकर ने कम्यूनिस्ट सरकार की जमीन बांटने की मुहिम को अंजाम तक नहीं पहुंचने दिया। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान में भी राइट टू प्रापर्टी है, लेकिन राइट टू एजुकेशन राइट टू फूड, राइट टू हाउसिंग नहीं है। उन्होंने कहा कि कमाई के साधनों का जब तक सही बंटवारा नहीं होता, तब तक वर्ण भेद की लड़ाई का कोई अर्थ नहीं है। वर्ग की लड़ाई के जरिए ही वंचित समूहों की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाया जा सकता है। प्रलेस मप्र के महासचिव श्री विनीत तिवारी ने कहा कि साहित्य के जरिये वंचितों से संवेदनात्मक समन्वय कायम करना होगा, और लेखक समुदाय को वंचितों के साथ जीवंत रिश्ता बनाना होगा। सैद्धांतिकी को इस समाज के अनुभवों के भीतर रिश्ता खोजना जरूरी है। यह हमारे समाज का सच है कि यहां अस्मिताएं हैं, उन्हें नकारा नहीं जा सकता। अस्मिताओं के संघर्ष का गलत इस्तेमाल होने के खतरे तो बने रहेंगे, यह हमें तय करना है कि इस संघर्ष के सहभागी कैसे बनें, जिससे कि शोषण के दायरे सिमट सकें। अस्मिता संघर्ष का इस्तेमाल पूंजीवाद अपने ढंग से करता रहा है, और कर रहा है। जरूरत इस बात की है कि हम अपने सवालों के साथ वंचितों के बीच जायें और वहीं उनके जवाब खोजें।

Advertisement. Scroll to continue reading.

अध्यक्षीय भाषण में प्रख्यात कथाकार सुश्री नूर जहीर ने कहा कि आज हाशिये के लोगों की परिभाषा बदलने की जरूरत है। वंचितों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, उनका शोषण करने के तरीके भी बदलते जा रहे हैं। नए तरीकों में कम लोग ज्यादा लोगों का शोषण कर रहे हैं, वंचितों की संपत्ति पर अधिकार रखने वाला समूह, जो पहले ही मुट्ठी भर था, शोषण के नए औजारों के साथ और कम होता जा रहा है। यानी जो खाई थी, उसके एक तरफ दायरा बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ लगातार कम हो रहा है। वंचितों की संपत्ति पर कम से कम लोगों का अधिकार शोषण को अधिक भयावह बना रहा है। पूंजीवाद अपने ढंग से यह शोषण कर रहा है। शहरी जिंदगी में अलगाववाद के जरिये समूहों को भी तोड़ा जा रहा है। उन्होंने उदाहरण के साथ बताया कि कैसे पहले सामूहिक उत्सवों में ज्यादा से ज्यादा लोग शरीक होते थे, जो अब एक बिल्डिंग या एक घर तक ही सीमित हो गए हैं। त्यौहार मनाने वाले समूह के सदस्य भी सीमित होते जा रहे हैं। पूरे समाज के एक साथ उत्सव मनाने की परंपरा को छोटे-छोटे समूहों में बांट दिया गया है। उन्होंने हाल में हाजी अली की दरगाह पर महिलाओं के प्रतिबंध का उदाहरण देते हुए बताया कि स्त्रियों के मिलने-जुलने के स्थानों को भी लगातार सीमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाषाओं के साथ भी यही हो रहा है, उर्दू जो साझा सांस्कृत की, इस्मत और मंटो की भाषा थी, उसे आज मदरसों की भाषा बना दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्यों मुसलमानों की पहचान बुरका है?

उन्होंने कहा कि आदिवासी साहित्य लिखा जाए, पढ़ा जाए इस बात का सभी समर्थन करते हैं, लेकिन सवाल यह भी है कि क्या हममें उसे उच्च और महान मानने का साहस भी है? उन्होंने एक किन्नौरी कहानी का उदाहरण देते हुए बताया कि यह लोककथा सीता हरण की नई व्याख्या प्रस्तुत करती है। इस कहानी में बताया गया है कि रावण ने सीता का अपहरण नहीं किया था, बल्कि जब वह जंगल में पखावज बजा रहा था, तो सीता उसकी थाप पर नृत्य करने लगती हैं। नृत्य करती सीता को देखकर रावण उस पर मोहित हो जाता है, लेकिन वह जबरदस्ती उन्हें अपने साथ नहीं ले जाना चाहता है। वह पखावज बजाते हुए धीरे-धीरे अपने विमान की ओर बढ़ता है, और संगीत के सहारे सीता भी खिंची चली आती हैं। उन्हे सुध तब आती है, जब वे पुष्पक विमान तक पहुंच जाती हैं। सुश्री नूर ने कहा कि इस आदिवासी कहानी से पांच प्रमुख बातें सामने आती हैं, पहली कि सीता जंगल में अकेली थीं, तन्हा थीं, और संगीत से उन्हें सुकून मिलता है। दूसरी, शूर्पणखा  जैसा कोई किरदार नहीं है, जिसका बदला लेने के लिए रावण ने सीता का अपहरण किया हो। यह उस सामंती सोच पर भी चोट है, जिसमें स्त्री के अपमान का बदला स्त्री से लिया जाता है। तीसरी बात, रावण को खलनायक नहीं है, सीता पर रीझा था, उनका अपहरण नहीं किया था। चौथी बात यह है कि लक्ष्मण रेखा जैसी कोई लकीर नहीं है, जो पुरुषवादी मर्यादा में स्त्री को बांधती हो। पांचवी और सबसे महत्वपूर्ण बात, सीता को पास अपना चुनाव करने का हक है। उन्होंने कहा कि हमें अपने साहित्य को आदिवासी नजरिये से भी देखने की जरूरत है। आखिर विचार बदलते हैं, तभी समाज बदलता है। इस सत्र का संचालन श्री तरूण गुहा नियोगी ने किया।

दूसरा सत्र :  विषय : शोषण के नये चेहरे और विकल्प की संस्कृति

औपचारिक उद्घाटन सत्र की शुरूआत में श्रीमति मीना पिंपलापुरे का स्वागत वक्तव्य सीमा राजोरिया ने पढ़ा। इसके बाद श्री महेंद्र फुसकेले ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान दो लघु फिल्मों ‘‘गांव छोड़ब नाही’’ और ‘‘अमेरिका-अमेरिका’’ का प्रदर्शन किया गया। इससे पहले रामचरन यादव ने बुंदेली कवि ईसुरी और कबीर के गीत गाए। दमोह प्रलेस से संबंद्ध बाल गायक दक्षेश ने भी जनगीत गाए। इसके बाद भोपाल से प्रकाशित पत्रिका ‘‘राग भोपाली’’ के प्रलेस के वरिष्ठ कथाकार पुन्नी सिंह पर केंद्रित अंक का लोकार्पण किया गया। साथ ही सहारनपुर से प्रकाशित पत्रिका ‘‘शीतलवाणी’’ के कमला प्रसाद जी पर केंद्रित अंक का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा राम आश्रय पांडे ‘‘विद्रोही’’, तरूण गुहा नियोगी, केवीएल पांडे, कृष्णकांत निलोसी आदि की किताबों का लोकार्पण किया गया। उद्घाटन भाषण में प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ अली जावेद ने कहा कि उर्दू ने हमेशा फिरकापरस्ती का विरोध किया है। उर्दू प्रगतिशील परंपरा की भाषा है। यह गालिब और मीर की परंपरा को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि भाषा का कोई धार्मिक आधार नहीं होता। जिस तरह धार्मिक कर्मकांड की भाषा बनाकर संस्कृत को नष्ट कर दिया गया, उसी तरह उर्दू से मदरसों को जोड़कर उसे खत्म करने की साजिश अंजाम दी गई। धर्म से जोड़ने के कारण इन दोनों भाषाओं के साहित्य को भी खत्म करने की साजिश रची गई। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के जरिये भाषाओं को हर तरह के हमलों से बचाकर उनकी परंपरा और साहित्य को जीवंत बनाए रखने की जरूरत पर बल दिया।

जनवादी लेखक संघ मध्यप्रदेश के सचिव श्री रामप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि आज जब आसुरी शक्तियां पूंजीवाद, साम्राज्यवाद, भूमंडलीकरण एकजुट होकर नये हथियार विकसित कर रही हैं, तो शोषण के चेहरे में भी बदलाव आया है। नाम वही हैं, लेकिन तौर-तरीके बदल गए हैं। इनकी षड़यंत्रकारी ताकत बढ़ गई है। जनविरोधी ताकतें एक हो गई हैं, और वे जनता की चेतना पर सबसे तीखा प्रहार कर रही हैं। टीवी, इंटरनेट के जरिये नए-नए औजारों से यह हमले हो रहे हैं, और हम सावधान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस शोषण से निपटने के लिए आंतरिक तैयारी की जरूरत है, तभी इस लड़ाई में निर्णायक जीत हासिल की जा सकती है। जनसंस्कृति मंच के राष्ट्रीय सह सचिव श्री सुधीर सुमन ने कहा कि पहचान के विमर्श यदि सचमुच मुक्ति की दिशा में बढ़ेंगे, तो वे लोगों जोड़ेंगे ही, जिससे एकता हासिल की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जनता की लड़ाई में इस एकता की नैतिक और सामाजिक कसौटियां तय करनी होंगी। वंचना, शोषण, उत्पीड़न, भेदभाव जहां-जहां है, उसका प्रतिरोध करना लेखक का दायित्व है। उसी से हमारी शक्ति का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि साम्राज्यवाद की वैचारिकी विभिन्न ढंगों से आ रही है, उससे लेखक को लड़ना होगा।

बेगूसराय से आए सुप्रसिद्ध लेखक श्री राजेंद्र राजन ने कहा कि भाषा की गुलामी शोषण करने वाली ताकतों को मजबूत करती है। भाषा गुलाम नहीं होगी, तो कोई समाज गुलाम नहीं बनाया जा सकता। हम अपनी भाषाओं की हिफाजत करना भूल गए हैं, इसलिए हमारी आजादी खतरे में है। उन्होंने कहा कि रंगभेद और वर्गभेद का अंतर समझना आज जरूरी हो जाता है। साम्राज्यवादी-पूंजीवादी गठजोड़ का सरगना अमेरिका भी रंगभेद को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है। वहां काले समुदाय के एक व्यक्ति को पहली बार सत्ता के सर्वोच्च पद पर बैठाया जाता है, आखिर देखना चाहिए कि कैसे ओबामा अन्य अमेरिकी राष्ट्रपतियों से भिन्न हैं? यह नस्लभेद का अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि पूंजी का रंग नहीं बदला है, और इसी संदर्भ में पूंजीवाद का रंग भी नहीं बदला है। भारत में भी अटल बिहारी वाजपेयी हों, या फिर मनमोहन सिंह, दोनों ही साम्राज्यवाद के आगे नतमस्तक हैं। उन्होंने कहा कि आज वाम लेखकों ने कई घर बना लिये हैं। इस घर में भी दीवारें खींच ली हैं। आज जरूरत इस बात की है कि यह दीवारें तोड़ी जाएं। उन्होंने उदाहरण के साथ कहा कि किसी कवि का नाम हटाकर उसकी रचना को पढ़ें, तो यह फर्क ही नहीं रह जाता है कि वह जसम का है, या जलेस का, या फिर प्रलेस का, तब यह दीवारें क्यों हैं?

बनारस से आए सुप्रसिद्ध आलोचक प्रो चौथीराम यादव ने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि आज शोषण के ऐसे कई चेहरे हैं, जिनकी शिनाख्त मुश्किल है। किसानों की आत्महत्या के बारे में हाल ही में कई खबरें आईं, लेकिन असल में यह हत्याएं थीं। पूंजीवाद ने उनकी हत्या की है। पहले पूंजी की ललक पैदा की गई, और जब इससे वे कर्ज के तले दब गए, तो कोई और रास्ता सामने न पाकर आत्महत्या को मजबूर हुए। इस खतरे की पहचान करनी जरूरी है। भूमंडलीकरण, उदारीकरण और निजीकरण की त्रयी का जो अदृश्य भूत है इसके पांव पीछे की ओर हैं। जिस तरह भूत जब उत्तर की ओर चलता है, तो दक्षिण की ओर जाता दिखाई देता है, और पूर्व की ओर चलने पर पश्चिम में जाने का भ्रम पैदा करता है, उसी तरह विकास की ओर जाता दिखाई दे रहा साम्राज्यवाद का भूत समाज को शोषण के अंधकार की ओर ले जा रहा है। यूरोपीय साम्राज्यवाद के पांव दिखाई देते थे, लेकिन वाशिंगटन से संचालित पूंजी व्यवस्था के पांव दिखाई नहीं दे रहे हैं, इनकी शिनाख्त आज का महत्वपूर्ण काम है। इस सत्र का संचालन श्री विनीत तिवारी ने किया।

तीसरा सत्र : विषय : प्रगतिशील सांस्कृतिक संगठनों की जरूरत और उनके कार्यभार

तीसरे दिन के पहले सत्र की शुरूआत अशोकनगर इप्टा के साथियों और दमोह के साथी दक्षेश की ओर से प्रस्तुत जनगीत से हुई। विचार सत्र की शुरूआत करते हुए श्री राम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि प्रगतिशील संगठनों की जरूरत और उनके कार्यभार पर हम बहुत देर से विचार कर रहे हैं। यह उस वक्त है, जब विचार पर सीधे हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खेती का रकबा घटा है, जबकि खेती के संसाधन बढ़े हैं, समर्थन मूल्य भी बढ़ा है, इस बीच बड़े किसानों की हालत भी सुधरी है। छोटे किसान और मजदूरों की हालत खस्ता हुई है। उनके सामने आत्महत्या की नौबत आ गई है। यह ऐसे समय में है, जब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में उत्पादन सरप्लस है। लेखक संगठन इस विरोधाभास को सामने लाकर हस्तक्षेप के लिए सक्रिय नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील संगठन युवाओं को आकर्षित नहीं कर पा रहे हैं, इसी वजह से हम मुकाबला करने में कमजोर हुए हैं। इस बारे में हमारे प्रयास भी सीमित, छोटे और नाकाफी हैं।

Advertisement. Scroll to continue reading.

प्रख्यात कवि और प्रलेस मध्यप्रदेश के अध्यक्ष मंडल के सदस्य श्री कुमार अंबुज ने कहा कि प्रतिरोध की जगह आज लगातार कम हो रही है। प्रगतिशील संगठनों के सामने महज वहीं समस्याएं नहीं हैं, जो सीधे संबोधित हैं, बल्कि समाज के संकटों की पहचान भी आज का जरूरी कार्यभार है। लेखक संगठनांे के साथ ही स्त्री, किसान, ट्रेड यूनियन, दलित आदि से संबंधित प्रगतिशील संगठनों की समस्याएं भी हैं। समस्याएं हर तरफ हैं, इनसे हमें ही निपटना है। उन्होंने कहा कि विचार की भी अनुवांशिकी होती है। जिस तरह फसल के बीज की अनुवांशिकी होती है। मनुष्य की प्रजाति की जो अनुवांशिकी है, उसकी प्रोडक्टिविटी को भी बचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचलन भी इस दौर में अलग ढंग के हैं। साथ ही किसी लेखकीय लाभ के लिए हमारे 50 की उम्र के आसपास के साथी भी विचलन का शिकार हुए हैं। उन्होंने महात्मा बुद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि संसार में दुख हैं, तो उसके कारण भी हैं, और उनके उपाय भी हैं। उन्होंने कहा कि रचना और जीवन अलग नहीं होते हैं। जीवन और रचना के बीच की दूरी कम करने हुए हमें दिखना चाहिए। हमें अपने सहयोगियों की पहचान भी करनी चाहिए। उन्होंने रचना शिविर की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि लेखन सामाजिक कर्म है, जो कलावादी हैं, उन्हें भी कहानी, कविता का कथ्य लेने के लिए दुनिया के पास आना पड़ता है। लेखन कर्म किसी अकेली जगह पर दुनिया से कटकर संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सवाल अमर होते हैं, और जवाब समकालीन होते हैं, इसलिए हमें अपने समय में इन सवालों के ईमानदार जवाब खोजने की जरूरत है।

सत्र का संचालन कर रहे श्री विनीत तिवारी ने कहा कि एक समय में ट्रेड यूनियन, किसान संगठन आदि ने लेखक संगठनों को आगे बढ़ाया था, आज वे खतरे में हैं, कमजोर हैं, तो लेखक संगठन भी प्रभावित हुए हैं। जब लेखक संगठनों को उनकी जरूरत थी, तो हमारे सहयोगी संगठनों ने मदद की, आज जब सहयोगी संगठन खतरे में हैं, तो यह लेखकों की जिम्मेदारी बनती है कि वे उन्हें मजबूत करें, उनके बीच जाएं और उनके साथ कदमताल करें। उद्भावना के संपादक श्री अजेय कुमार ने कहा कि इस वक्त में संकट तो हैं, यह बात साफ है। मसला यह है कि हमें करना क्या है? हम किस प्राथमिकता के तहत जनता के बीच जाते हैं, यह सवाल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति दूसरे को अपने पांव की जूती समझता है, तो हमें गुस्सा आता है, लेकिन जब एक देश, दूसरे देश को अपने पांव की जूती समझ लेता है, तो हम चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के जुल्म को आज किसी टीवी सीरियल की तरह देखा जा रहा है, जिसके एक एपिसोड में सद्दाम का खात्मा हुआ, दूसरे में गद्दाफी को मार डाला गया, संभवतः तीसरे में अहमदीनेजाद को खत्म कर दिया जाएगा। अमेरिका ने पिछले दशक में जिन छह लाख लोगों की जिंदगी को तबाह किया है, वह हमारे मीडिया में नहीं है। मीडिया में इराक, अफगानिस्तान की किसी रोती हुई स्त्री, या अकेले अनाथ बच्चे का चित्र दिखाई नहीं देता, क्योंकि आज जो लोग तेल को नियंत्रित कर रहे हैं, वही मीडिया को भी नियंत्रण में लिये हुए हैं।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी फिल्मों आदि के माध्यम से आज हमें जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने लेखक और मध्यवर्ग के रिश्तों को रेखांकित करते हुए कहा कि ज्यादातर लेखक मध्यवर्ग से ही आए हैं, और इसी मध्यवर्ग का बड़ा वर्ग अमेरिका प्रेमी है। उन्होंने कहा कि इस मध्यवर्ग के भीतर अमेरिका ने जिस ढंग से घुसपैठ बनाई है, उसे देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी आतंकी घटना के बारे में आम राय यह बना दी गई है कि वह 11 सितंबर का हमला था, जिसमें करीब 2500 लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि इस बात को दरकिनार कर दिया गया है कि हिरोशिमा पर गिराया गया परमाणु बम दुनिया की सबसे बड़ी आतंकी घटना थी, जिसमें एक पूरा शहर एकाएक तबाह कर दिया गया। अमेरिका की इस आतंकी घटना में नींद के आगोश में लाखों लोगों से एक साथ उनकी जिंदगी छीन ली गई थी। उन्होंने कहा कि आतंकी घटनाओं के बारे में भी मध्यवर्ग की एक खास समझ विकसित कर दी गई है। आज आतंकी घटना उसे ही माना जाता है, जिसमें मुसलमान, बम, आरडीएक्स जैसे तथ्य सामने आएं, इसके अलावा मनुष्य की जान लेने वाली कार्रवाइयों को आतंकी घटना माना ही नहीं जाता। उन्होंने कहा कि इस तरह के सरलीकरण के खिलाफ माहौल तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी लेखक समाज पर है।

श्री कुंदन सिंह परिहार ने कहा कि आज लेखक संगठनों में युवा कम हो रहे हैं। हमें युवाओं की समस्याओं की ओर भी ध्यान देना होगा। आज युवाओं का जीवन सरल नहीं है। जीवन यापन की जरूरी ईकाई पढ़ाई में उसका काफी समय जाता है। यह बदलाव का समय है, जिसमें समस्याएं नए ढंग से सामने आ रही हैं, इसके उपचार खोजना आज के जरूरी कार्यभार में शामिल है। श्री बहादुर सिंह परमार ने कहा कि जब लेखक जन से जुड़ेंगे, तभी जनता उनसे जुड़ेगी। जीवन में पारदर्शिता सबसे बड़ी पूंजी है। इस पूंजी को लेखक संगठनों को कम किया है, जिससे काफी नुकसान हुआ है। लोक हर तरफ से देखता है, वह देखता है, कि कौन उसके साथ खड़ा है, और कौन लेखकीय फायदे के लिए उसके करीब रहने का भ्रम पैदा कर रहा है। श्री संतोष खरे ने कहा कि हमारे समय में हनुमान मंदिरों की संख्या में इजाफे से लेकर कुंभ मेलों में जाते जनसमूह तक पर जिस तरह की संस्कृति थोपी जा रही है, वह अपनी तरह का खतरा है। आज सारे शासकीय तामझाम के साथ कार्यालयों में वंदे मातरम् का गान कराया जाता है, लेकिन इसके तुरंत बाद ही अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत लेने में मशगूल हो जाते हैं, तो ऐसे गान का क्या अर्थ है? उन्होंने स्कूलों में सूर्य नमस्कार से लेकर योग आदि तक कटाक्ष करते हुए कहा कि इस सरकारी संस्कृतिकरण के खतरे को पहचान इसके खिलाफ मजबूती से खड़ा होना, लेखकीय समाज की जिम्मेदारी है।

श्री सत्यम पांडे ने कहा कि हमारे कार्यभार बड़े हैं। हमें वंचित तबकों के दर्द को अपनी रचना प्रक्रिया में शामिल करना होगा। विस्थापन के सवाल पर भी लेखकों को सामने आना होगा। उन्होंने कहा कि मेहनतकश गरीब के सवालों को लेखन के केंद्र में लाये बिना किसी भी तरह के जनजुड़ाव की कल्पना करना बेमानी है। श्री दिनेश भट्ट ने कहा कि यदि हम समाज को बहुत ज्यादा नहीं बदल सकते तो जो जहां है, वहीं से काम करे। छोटी-छोटी कोशिशें आज महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अपनी रचना प्रक्रिया के उदाहरण के साथ बताया कि अपने आसपास के माहौल को ही रचनात्मक अभिव्यक्ति देने से सक्रियता आती है। श्री पंकज दीक्षित ने कहा कि लेव तोलस्ताय की मौत पर मजदूरों ने स्वप्रेरणा से हड़ताल की थी, तब लेनिन ने कहा था कि मजदूरों का अपना लेखक मिल गया है। इससे साफ होता है कि लेखक अपनी जनता नहीं चुनता, बल्कि जनता अपना लेखक चुनती है। उन्होंने कहा कि हम संवेदनशीलता से दूर होते जा रहे हैं, और इसी क्रम में जनता से दूर हटते जा रहे हैं। अगर कुछ पा लेने की कोशिश या ख्वाहिश नहीं है, तो आम जन लेखक से जरूर जुड़ता है। उन्होंने एक गांव में किए गए नाटक के उदाहरण से बताया कि लोगों के भीतर बेचैनी है, और वे अपनी बात कहने वाले रचनात्मक समूहों को पूरी शिद्धत से तलाश रहे हैं। अगर हम जनता के सवालों पर पूरी ईमानदारी से काम करें, तो निश्चित ही जनता के बीच से आवाज आएगी।

श्री ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि जब छात्र आंदोलन थे, तो युवाओं की संख्या भी प्रगतिशील संगठनों में खासी अच्छी थी। व्यवस्था ने छात्र आंदोलनों को खत्म कर दिया है और इसीलिए युवाओं और प्रगतिशील संगठनों के बीच का पुल टूट गया है। स्टूडेंट फेडरेशन के स्टडी सर्किल ने कई युवाओं की वैचारिक धार को तेज किया था। आज वह सब खत्म हो गया है। युवाओं से जुड़ने के नए तरीके खोजना आज का महत्वपूर्ण कार्यभार है। अगर प्रगतिशील संगठन यह काम नहीं करेंगे, तो जिस तरह अपने सबसे बड़े दुश्मन धर्म की सबसे बड़ी समर्थक महिलाएं होती जा रही हैं, युवा भी इस दुष्चक्र में फंसा रहेगा। श्री गफूर तायर ने कहा कि एफडीआई के आने से छोटी-छोटी ईकाइयों के मजदूर बेमौत मारे जाएंगे। इस सवाल पर प्रगतिशील ताकतों को एकजुट होकर हमला बोलना चाहिए। यह सवाल सिर्फ मजदूरों से ही नहीं जुड़ा है, एफडीआई के साथ अन्य कई बुराइयां आएंगी। श्री अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि कोई भी आंदोलन जनता से जुड़ा न हो यह संभव नहीं है। अगर लेखक की भाषा का जनता से जुड़ाव नहीं है, उसके सरोकार नहीं हैं, तो वह जनता से दूर ही रहेगा। जनता से दूर रहकर आंदोलन नहीं हो सकता। आज लेखकीय अभिव्यक्ति पर लगातार हमले हो रहे हैं। जबलपुर में नाटक नहीं होने दिया जाता, आए दिन पुस्तकें जलाने की खबरें मिलती हैं। उन्होंने कहा कि लेखक को एक्टिविस्ट बनना होगा, तभी जनता के सवालों से वह सीधे संपर्क बना सकता है।

श्री महेंद्र फुसकेले ने कहा कि आज मुख्यधारा की बात लगातार की जा रही है। जानना चाहिए कि यह मुख्यधारा कहां है? मुख्यधारा क्या है? मुख्यधारा किसने बनाई है? उन्होंने कहा कि मुख्यधारा इस देश में रहने वाले आदिवासी और शूद्र हैं। इसके अलावा जो भी मुख्यधारा दिखाई देती है, वह भ्रम है। उन्होंने कहा कि वर्ण व्यवस्था का सबसे पहले विरोध बौद्ध और जैन भिक्षुओं ने किया था, इस बात को झुठलाया नहीं जा सकता। श्री अश्विनी दुबे ने कहा कि पिछले 20 वर्ष में कोई बड़ा प्रगतिशील आंदोलन खड़ा नहीं हो सका है, इस बात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। श्री हरनाम सिंह ने कहा कि मार्क्सवाद ने आलोचना और आत्मालोचना की सीख दी है। आज प्रगतिशील संगठनों को अपने अंतर्विरोधों की पड़ताल करनी चाहिए। हम अपने अंतर्विरोध दूर नहीं कर पाए हैं। इसके लिए धरातल पर विचार करना आवश्यक है। श्री वीएस नायक ने कहा कि साहित्यकार को उन फूलों  को चुनने की जरूरत है, जो जनता के जीवन में खुशबू बिखेर सकें। श्री अभिषेक तिवारी ने कहा कि हिंदी पट्टी में सांप्रदायिकता के खिलाफ लगातार कार्य हुआ है, इसे सतत करने की जरूरत है। अकेले चलने के अपने खतरे हैं, जनता के बीच जाकर उसका हिस्सा बनकर ही प्रगतिशील शक्तियां ताकत हासिल कर सकती हैं। आज जो खतरे हमारे सामने हैं, उनसे लड़ने के लिए रणनीति और औजार दोनों ही बदलने की जरूरत है।

श्री सचिन श्रीवास्तव ने कहा कि पूंजीवादी साम्राज्यवाद ने जिस ढंग से मीडिया, फिल्म, बाजार आदि को औजार की तरह इस्तेमाल किया है, उससे यह भ्रम पैदा हो गया है कि असली दुश्मन यही हैं। इस बात को समझते हुए पूंजीवाद के औजारों पर धीरे-धीरे और लंबी रणनीति के तहत कब्जे की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अकेली लकड़ी के जल्दी टूट जाने की सीख को हमें फिर याद करना होगा, और प्रगतिशील संगठनों को अपनी एकता को कायम कर विरासत से सीख लेने की जरूरत है। वरिष्ठ कवि श्री नरेश सक्सैना ने कहा कि आज किताबों की बिक्री घट रही है। 500 और 600 की संख्या में किताबों के संस्करण निकल रहे हैं। कोई किताब बहुत ज्यादा चर्चित हो जाए, तो भी हजार-1500 से अधिक बिकने की कल्पना नहीं की जा सकती। हिंदी पढ़ने की प्रवृत्ति कम होते जाना एक बड़ा खतरा है, और इसके लिए लेखकों को एकजुट प्रयास करने चाहिए। आज मध्यवर्ग हिंदी से नफरत कर रहा है, और जैसे-तैसे अंग्रेजी में अपने कार्य करने की अधूरी कोशिश कर रहा है। इस टूटते समाज में अंग्रेजी ने विचार प्रक्रिया को भी बाधित किया है। उन्होंने कहा कि आज सारा जोर कथ्य पर है, जबकि शिल्प पर कम ध्यान दिया जा रहा है। कथ्य अपने आप में बड़ी चीज है, लेकिन शिल्प के जरिये उसे अधिक संप्रेषणीय बनाया जा सकता है। इस सत्र का संचालन श्री विनीत तिवारी ने किया।

11वें राज्य सम्मेलन में चुनी गई मध्यप्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ की कार्यकारिणी

Advertisement. Scroll to continue reading.

संरक्षक मंडल : सर्वश्री चंद्रकांत देवताले, महेन्द्र फुसकेले, श्री प्रकाश दीक्षित, सुश्री नुसरतबानो रूही, इकबाल मजीद, श्यामसुंदर मिश्र, देवीशरण ग्रामीण, श्री रामशंकर मिश्र

अध्यक्ष : श्री राजेन्द्र शर्मा

अध्यक्ष मंडल : सर्वश्री मलय, के. बी. एल. पाण्डे, कृष्णकांत निलोसे, महेश कटारे, स्वयंप्रकाश, सेवाराम त्रिपाठी, कुंदनसिंह परिहार, कुमार अंबुज, संतोष खरे, महेंद्रसिंह, हरिओम राजोरिया

महासचिव : श्री विनीत तिवारी

कोषाध्यक्ष : केशरी सिंह चिड़ार

सचिव मंडल : श्री शैलेन्द्र शैली, श्री पवित्र सलालपुरिया, श्री ओमप्रकाश शर्मा, तरुणगुहा नियोगी, सत्येन्द्र रघुवंशी, कमल जैन, बाबूलाल दाहिया, सुश्री सुसंस्कृति परिहार, अभय नेमा, बहादुरसिंह परमार, शिवशंकर मिश्र सरस, टीकाराम त्रिपाठी, सत्यम पाण्डेय.

कार्यकारिणी : पवन करण-ग्वालियर, प्रतापराव कदम-खंडवा, योगेश दीवान-विशेष आमंत्रित, हरिशंकर अग्रवाल-पिपरिया, सुरेश शर्मा-शहडोल, शैलेन्द्र जॉर्ज-शहडोल, दिनेश भट्ट -छिंदवाड़ा, हेमेन्द्र राय-छिंदवाड़ा, गफूर तायर-दमोह, राजनारायण बोहरे-दतिया, असद अंसारी-मंदसौर, पंकज दीक्षित- अशोकनगर, उत्पल बनर्जी-इंदौर, ब्रजेश कानूनगो-इंदौर-प्राची से मानद सदस्य, प्रज्ञा रावत-भोपाल, मुकेश बिजौले-विशेष आमंत्रित, ओम भारती-भोपाल, प्रेमशंकर रघुवंशी-हरदा, नीहार स्नातक-कोतमा, गोविंद श्रीवास्तव-अनूपपुर, मुन्नालाल मिश्र-टीकमगढ़, जाहिद खान-शिवपुरी, ब्रज श्रीवास्तव-विदिशा, रामनारायण सिंह राना-सतना, अरविंद मिश्र-भोपाल, सारिका श्रीवास्तव-इंदौर, अशोक दुबे-इंदौर, अरुण पाण्डे-जबलपुर, दीपा भट्ट-सागर, अनिल करमेले-भोपाल, महेश कटारे ‘सुगम’-बीना, दिनेश साहू-सागर, एल. एन. भट्ट-सागर, आशीष पाठक-जबलपुर, सचिन श्रीवास्तव-भोपाल, शिवेन्द्र शुक्ला-छतरपुर इप्टा से मानद सदस्य.

कार्यकारी दल : विनीत तिवारी, राजेंद्र शर्मा, कुमार अंबुज, सत्येंद्र रघुवंशी, हरिओम राजोरिया, शैलेन्द्र शैली, तरुण गुहा नियोगी, महेंद्र सिंह, अभय नेमा, ओमप्रकाश शर्मा, सुसंस्कृति परिहार, हरनाम सिंह .

Advertisement. Scroll to continue reading.

You May Also Like

Uncategorized

मुंबई : लापरवाही से गाड़ी चलाने के मामले में मुंबई सेशन कोर्ट ने फिल्‍म अभिनेता जॉन अब्राहम को 15 दिनों की जेल की सजा...

ये दुनिया

रामकृष्ण परमहंस को मरने के पहले गले का कैंसर हो गया। तो बड़ा कष्ट था। और बड़ा कष्ट था भोजन करने में, पानी भी...

ये दुनिया

बुद्ध ने कहा है, कि न कोई परमात्मा है, न कोई आकाश में बैठा हुआ नियंता है। तो साधक क्या करें? तो बुद्ध ने...

सोशल मीडिया

यहां लड़की पैदा होने पर बजती है थाली. गर्भ में मारे जाते हैं लड़के. राजस्थान के पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्र में बाड़मेर के समदड़ी क्षेत्र...

Advertisement