देवरिया। सपा की सरकार का गठन होने के 24 घण्टे पूर्व ही सपा विधायक के दबाव में आकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से तीन दिन पहले दो नए परीक्षा केन्द्र बनाकर जिले में कई तरह की चर्चाओं का बाजार गरम कर दिया है। पूर्व मंत्री शाकिर अली के गांव करजहां स्थित मंजूर अली कन्या इण्टर कालेज व सैयद मीर इब्राहिम इंटर कालेज को जिला प्रशासन ने आनन फानन में परीक्षा केन्द्र बनाया है। इन दोनों विद्यालय को परीक्षा केन्द्र जरूरत के हिसाब से बनाया गया या सत्ता के बदलाव व उसके दबाव में इस बारे में विभागीय अधिकारी कुछ भी बोलने से साफ कतरा रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश सिंह ने भी इस मुददे पर अपना मुंह बन्द रखा।
हाई स्कूल व इण्टर की परीक्षा के लिए जिले में लगभग 25 दिन पहले परीक्षा केन्द्रों का अंतिम रूप दिया दे दिया गया था। कुल 257 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है। सपा विधायक के दो विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र बनाए जाए जाने से अब परीक्षा केन्द्रों की संख्या 259 हो गई है। आनन फानन में बनाए गए परीक्षा केन्द्रों से जिले में परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.


