मुंबई : बुधवार की देर रात एक सनसनीखेज़ खुलासे में मुंबई पुलिस की समाजसेवा शाखा ने नवागाड़ा में एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर दिया। यह रैकेट अखबार में विज्ञापन देकर ग्राहकों को दिन और रात के लिए लड़कियां होने की जानकारी देता है। एक आदर्श इस्कोर्ट विज्ञापन की तरह इस रैकेट ने भी दावा किया था कि ग्राहक की जरूरत के मुताबिक उनके पास ए टू जेड यानि हर किस्म की लड़कियां मिलेंगी। मुंबई पुलिस ने एक अखबार में ए टू जैड ब्यूटीफुल गर्ल्स नाम से एक विज्ञापन देखा था। इसी विजापन के जरिए मुंम्बई पुलिस की समाजसेवा शाखा ने रैकेट को पर्दाफाश करने के लिए जाल बिछाया।
देह व्यापार पर शिकंजा कसने के अपने एजेंडे के तहत पुलिस ने अपने एक आदमी को फर्जी ग्राहक बनाया। उस फर्जी ग्राहक ने अखबार में छपे विज्ञापन पर दिए नंबर पर कॉल किया। कॉल करने पर किसी रजनीश कुमार नाम के शख्स ने फोन उठाया। रजनीश ने पुलिस के भेजे फर्जी ग्राहक से दो हजार रुपए मांगे।
दोनों के बीच सौदा तय होने के बाद रजनीश उस फर्जी ग्राहक को मुंबई के रिहायशी इलाके गैलेक्सी पैलेस के बंगला नंबर 48 में ले गया। वहां पर पहले से ही कई लड़कियां मौजूद थी। हवा का रुख देखकर फर्जी ग्राहक को रैकेट को धर दबोचने का यह सही मौका लगा। फर्जी ग्राहक ने मौका देखते ही पुलिस को इशारा कर दिया। उसका इशारा मिलने के बाद पुलिस ने वहां पर छापा मार दिया। एकाएक पुलिस को देखकर घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। दलाल को समझते देर न लगी कि ग्राहक नहीं, मुखबिर बन कर किसी ने उन्हें पकड़ने का प्लान बनाया है। भागने की थोड़ी बहुत कोशिश भी की पर भारी तादाद में मौजूद पुलिस कर्मियों के सामने बेकार साबित हुई।
पुलिस को छापा मारने के बाद वहां कुछ और भी जानकारी मिली । पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि इस धंधे से जो रकम आती थी उसका आधा हिस्सा बंगले के मकान मालिक को भी जाता था। फिलहाल पुलिस ने दो दलालों और दो मैनेजरों के खिलाफ पेटा के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। इस सेक्स रैकेट में फंसी 8 लड़कियों को आजाद कराया गया। यह लड़कियां अलग-अलग राज्यों से लाई जाती थीं। लड़कियों को पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत से लाकर यहां जिस्मफरोशी के धंधे में धकेल दिया गया था।


