मेरठ। अपने समय के मशहूर पहलवान और फिल्म अभिनेता दारा सिंह के पौत्र विजय सिंह रंधावा और उसके साथियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ के एक होटल में मंगलवार रात एक युवती से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार लालकुर्ती इलाके में स्थित होटल क्रिस्टल पैलेस के बेसमेंट में रात को सेना के एक मेजर की बेटी का विवाह समारोह था। होटल में विजय और उसके तीन साथी शराब पी रहे थे। इस बीच मेजर की एक भांजी बाथरूम में गई तो उसके पीछे-पीछे विजय और उसके साथी भी चले गए।
उन्होंने युवती को बाथरूम में दबोच लिया तथा बाथरूम की कुंडी बंद कर दी। इसके बाद उन्होंने युवती से दुष्कर्म का प्रयास किया जिसके बाद युवती ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग बाथरूम के पास पहुंचे तथा किसी तरह दरवाजा खुलवाया। इसके बाद तीनों की जमकर धुनाई की। बाद में पुलिस बुलाकर तीनों को उसके हवाले कर दिया। गिरफ्तार के बाद विजय का कहना है कि वह गलती से लेडिज टॉयलेट में घुस गया। उसका कहना है कि मैं बार में बैठा था। मेरे साथी ने लेडीज टॉयलेट में घुसकर लड़की से छेड़खानी की। इसके बाद उनमें आपस में कहासुनी हुई। मैं वहां बात को शान्त करने गया था। लेकिन मुझे भी पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस ने विजय व उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।


