तेहरान में दुनिया भर से पत्रकारों से विशेष मुलाकात के दौरान इरान के राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने कहा कि मीडिया अब सारी दुनिया में एक अहम रोल निभा रहा है इसलिए आप सब की यह ज़िम्मेदारी है कि आप दुनिया में अमन फैलाने के लिए काम करें. उन्हों ने कहा कि दुनिया भर के मुस्लिम देशों और जिन्हें सच्चाई से प्यार है, को चाहिए कि वो एक खबरों की ऐसी एजेंसी बनाएं जिस से हम पूरी दुनिया में मुसलामानों की सही तस्वीर पेश कर सकें. उन्हों ने कहा कि आज कुछ ताकतें ऐसी हैं जो इस्लाम और मुसलामानों की ग़लत तस्वीर पेश कर रही हैं. हमें उनका तोड़ निकलना होगा.
ज्ञात रहे कि ईरान की राजधानी तेहरान में इन दिनों जर्नलिज्म के ताल्लुक से प्रदर्शनी जारी है, जिस में दुनिया भर के ५० मुल्क से पत्रकार आये हुए हैं. इस प्रोग्राम में हिंदुस्तान एक्सप्रेस को भी खुसूसी दावत दी गयी है. यहाँ आये जर्नलिस्टों, जिनमें मुसलामानों के अलावा दूसरे धर्म के पत्रकार भी शामिल हैं, ने यह फैसला किया कि अगर हमें दुनिया की बड़ी खबर एजेंसी से टक्कर लेनी है और उनके ज़रिए फैलाई जाने वाली ग़लत ख़बरों का जवाब देना है तो हमें इस सिलसिले में जल्द ही काम करना होगा. और एक बड़ी खबर एजेंसी बनानी होगी ताकि दुनिया सच्चाई जान सके.
दुनिया भर से आये इन सहफियों की सदर अहमदी नेजाद के साथ एक मीटिंग रखी गयी. इस मीटिंग में सदर ने कहा कि खबर एजेंसी बनाने की कोशिश अच्छी है और इस से बड़ा फायदा होगा. मीटिंग में अमेरिका का ज़िक्र करते हुए उन्हों ने कहा कि अमेरिका आज दुनिया में डबल गेम खेल रहा है. उन्हों ने सहफियों से कहा कि आप सिर्फ अपने मुल्क की फ़िक्र न करें बल्कि हर उस मुल्क की फ़िक्र करें जहाँ ज़ुल्म हो रहा है. यह सहफियों कि ज़िम्मेदारी है कि वो ज़ुल्म को रोकने की कोशिश करे. तेहरान में पत्रकारिता से सम्बंधित प्रदर्शनी २५ अक्टूबर को शुरू हुई जो एक नवम्बर तक चलेगी. इस अवसर पर लगायी गयी प्रदर्शनी में ५०० स्टाल लगाए गए हैं. दुनिया के ५० देशों के लगभग १२० पत्रकार इसमें शामिल हुए हैं.
तेहरान से हिंदुस्तान एक्सप्रेस के ब्यूरोचीफ एएन शिबली की रिपोर्ट.


