
लखनऊ : सस्पेंडिड IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर की मुश्किलें और बढ़ने के आसार हैं। अमिताभ ठाकुर की संपत्तियों की जांच कर रही सत्तर्कता अधिष्ठान ने खुली जांच पूरी करके उनके खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेज दी है। रिपोर्ट में अमिताभ ठाकुर के खिलाफ जांच करने की सिफारिश की गई है। सरकार की मंजूरी मिलते ही विजिलेंस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच करवाएगा। सतर्कता निदेशक भानु प्रताप ने जांच पूरी होने की पुष्टि की है।
वहीं दूसरी ओर आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने सतर्कता अधिष्ठान की जांच को एकपक्षीय बताया है। उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के अनुसार सतर्कता अधिकारी, अमिताभ ठाकुर से पालतू जानवर, हवाई यात्रा और विदेश यात्रा जैसी व्यक्तिगत जानकारी ही मांगते रहे हैं। किसी से उन्हें इस बात की जानकारी नहीं मिली कि आखिर उन पर कौन-सी परिसंपत्ति रखने का आरोप है। अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि वह मुख्य सचिव आलोक रंजन व अन्य अफसरों से मिल कर अपना पूरा पक्ष रखने की कोशिश करेंगे। गौरतलब है कि अमिताभ ठाकुर ने 10 जुलाई को एक ऑडियो क्लिप सार्वजनिक की थी। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि एसपी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने उन्हें फोन कर धमकी दी है। जिसके लिए उन्होंने हजरतगंज कोतवाली में मुलायम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कंप्लेन्ट भी की थी। हालांकि उसे पुलिस ने खारिज कर दिया था। इस प्रकरण के बाद से ठाकुर के खिलाफ जांच की रफ्तार बढ़ी है। 28 अगस्त को सतर्कता अधिष्ठान के एसपी सीआईएस ने IPS अमिताभ ठाकुर से परिसंपत्ति जांच के संबंध में ब्यान लिया था।


