छत्तीसगढ़ में आईपीएस अधिकारी राहुल शर्मा की आत्महत्या मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री रमण सिंह ने बुधवार को विधानसभा में राहुल शर्मा की मौत के मामले में सीबीआई जांच कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि, ‘अभी तक की जांच में आईपीएस अधिकारी राहुल शर्मा की मौत की वजह आत्महत्या लग रही है। इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जरूरी होगी।’
आईपीएस राहुल शर्मा के पिता ने भी इस मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की थी। उधर राहुल शर्मा की पत्नी और भारतीय रेलवे में अधिकारी जे. गायित्री शर्मा ने भी आरोप लगाया कि उनके पति ‘सिस्टम’ की भेंट चढ़ गए। माना जा रहा था कि राहुल शर्मा ने प्रशासनिक काम के दबाव में आत्महत्या कर लिया था।


