लखनऊ : बिहार के सिताब दियारा से भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा आज शुरू की गयी जन चेतना रथ यात्रा पूरे देश में भ्रष्टाचार के विरूद्ध बनी चेतना को भ्रष्ट करने और इसे साम्प्रदायिक दिशा देने के लिए है। यह प्रतिक्रिया जन संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने दी। उन्होंने आज जारी अपने बयान में कहा कि देश में भ्रष्टाचार आज जिन नीतियों की वजह से है उन पर भाजपा की सहमति रही है और अपने कार्यकाल में भाजपा नीत एनडीए ने इन्हीं नीतियों को लागू किया था।
उन्होंने कहा कि आज भी भ्रष्टाचार के बड़े स्रोत प्राकृतिक संसाधनों और भूमि अधिग्रहण के नाम पर हो रही किसानों की जमीनों की लूट में भाजपा की गुजरात, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्यप्रदेश की सरकारें लिप्त है। इन सरकारों के मुख्यमंत्री लोकायुक्त की जांच के दायरे में है और कई राज्यों में तो भ्रष्टाचार में लिप्त रहने के कारण उन्हें अपने पद से इस्तीफा भी देना पड़ा है। जहां तक आडवाणी की भ्रष्टाचार के विरूद्ध नैतिकता की बात है तो पूरे देश को मालूम है कि वह खुद हवाला मामले में अभियुक्त रहे हैं और इस मामले में वह उसी तरह सीबीआई की कृपा से बचे हैं, जैसे बोफोर्स मामले में कांग्रेस के नेता बचे थे। इस नाते बिहार के सिताब दियारा से भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा आज शुरू की गयी जन चेतना रथ यात्रा पूरे देश में भ्रष्टाचार के विरूद्ध बनी चेतना को भ्रष्ट करने और इसे साम्प्रदायिक दिशा देने के लिए है। भाजपा की इस कोशिश का जन संघर्ष मोर्चा पूरे देश में भण्ड़ाफोड करेगा और उत्तर प्रदेश में जसम द्वारा जारी भ्रष्टाचार विरोधी जन अभियान में जनता को इससे सचेत करेगा।


