एचडीएफसी बैंक ने एक नया क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया है. इससे आप असीमित खरीदारी कर सकते हैं. निजी क्षेत्र के अग्रणी बैंक एचडीएफसी के इस क्रेडिट कार्ड का नाम ‘इंफिनिया’ है. यह ऐसा अल्ट्रा प्रीमियम क्रेडिट कार्ड है जिससे असीमित खरीदारी की जा सकेगी. बैंक की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि प्रारंभ में यह कार्ड सिर्फ पांच हजार ग्राहकों को आमंत्रण के माध्यम से दिये जाएंगे.
देश के एलीट क्लास को खरीदारी का बेहतर अहसास कराने और कार्ड के माध्यम से लक्जरी वस्तुओं की खरीद का अवसर प्रदान कराने के उददेश्य से यह कार्ड उतारा है. बैंक ने कहा है कि एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में व्यक्तिगत अधिकतम आय हासिल करने वाले लोगों की संख्या वर्ष 2010 में 20.80 प्रतिशत बढ़कर एक लाख 53 हजार पर पहुंच गयी. बैंक ने कहा है कि इस श्रेणी के लोगों को कार्ड के माध्यम से हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में वह अव्वल बनना चाहता है और इसी को ध्यान में रखकर यह कार्ड उतारा गया है. बैंक यह कार्ड वीजा और मास्टरकार्ड दोनों प्लेटफार्म पर पेश करेगा.


