इंफाल। मणिपुर में सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून (आफस्का) हटाये जाने की मांग को लेकर पिछले 12 वर्षों से अनशन कर रहीं इरोम शर्मिला चानू को मंगलवार को फिर गिरफ्तार कर लिया गया। शर्मिला ने अपना अनशन तीन नवंबर 2000 में शुरू किया था। भारतीय दंड संहिता की धारा 309 के तहत आत्महत्या के प्रयास का आरोप लगा कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद उन्हें हर साल गिरफ्तार एवं रिहा किया जाता है, क्योंकि इस धारा के तहत किसी व्यक्ति को एक वर्ष से अधिक समय तक जेल में नहीं रखा जा सकता।
कैद के बाद शर्मिला को सोमवार को रिहा किया गया था, जिसके बाद उन्होंने पूर्व इंफाल के पोरोमपट में अपना उपवास जारी रखा। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री ओ. इबोबी सिंह ने बताया कि शर्मिला को गिरफ्तार किए जाने के निर्णय के पश्चात वह खुद उनसे मुलाकात करने गए। शर्मिला को उनके इस आंदोलन के कारण कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।


