2014 के लोकसभा के चुनावों का रिहर्सल मीने जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के प्रारम्भिक रुझानों के मुताबिक सत्तारुढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भारी पराजय की कगार पर है जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को अच्छी बढ़त मिली है। वह सरकार बनाने के जादुई आंकड़े 202 सीटों से सिर्फ 6 सीटें पीछे चल रही है। रुझान देख कर सपा कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे हैं और उसके नेता कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री निवास में मुलायम सिंह यादव का प्रवेश अब कुछ ही दिनों की बात है। उधर मायावती के खेमे में सन्नाटा है।
अभी तक कुल 403 सदस्यीय विधानसभा की सभी सीटों के रुझानों के मुताबिक सूबे में त्रिशंकु विधानसभा के आसार दिखने लगे हैं। सभी 403 सीटों के मिले ताजा रुझानों के मुताबिक, कांग्रेस और आरएलडी को पिछली बार के मुकाबले 18 सीटों का फायदा है और वे 50 सीटों पर आगे हैं। बीजेपी को दो सीट का नुकसान है और वह 49 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव में मायावती की बसपा को चौतरफा झटका लगा है और उसे 104 सीटों का भारी नुकसान हुआ है। पार्टी कुल 102 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 11 सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।


