: लडकी की मां की गुहार के बाद पुलिस ने किया खुलासा, तीन सगे भाई गिरफ्तार : नोएडा : सोमवार को नोएडा में ऑनर किलिंग की एक और वारदात उस समय सामने आई जब एक मासूम लड़की को उसके सगे भाइयों ने महज इसलिए बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया, क्योंकि वह एक गैरजातीय लड़के से प्यार करती थी। पुलिस ने आरोपी तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है और अब लाश तलाश करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के अनुसार नोएडा के थाना सेक्टर 39 के नगली गांव में रहने वाले संजू जाटव की बेटी मीना (काल्पनिक नाम) गांव के ही जूनियर हाइस्कूल की छात्रा थी।
बीते 29 दिसंबर को उसकी मां शीला ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी, लेकिन कई दिनों तक जब पुलिस उसका कोई पता नहीं लगा पाई तब उसने कुछ उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई। इसके बाद, सोमवार को मामले ने तूल पकड़ा और पूरे दिन की गहन तफ्तीश के बाद नोएडा पुलिस ने मीना के मारे जाने की पुष्टि करते करते हुए उसके सगे तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अनंत देव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए भाइयों के नाम सुभाष, विकास और ललित हैं।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मीना का गांव के ही किसी गैरजातीय लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस कारण उनके परिवार की बदनामी हो रही थी। भाइयों के अनुसार उन्होंने कई बार मीना को समझाया भी, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद तीनों ने 29 दिसंबर को मीना को छपरौला पुश्ते के पास बुलाया और फिर फावड़े से सिर पर वारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और लाश यमुना में फेंक दी। अब पुलिस उनसे और पूछताछ कर रही है और लाश तलाशने की कोशिश कर रही है। साभार : दैनिक भास्कर


