कानपुर की प्रतिष्ठित संस्था ‘भारतीय बाल कल्याण संस्थान’ के 52वें सम्मान समारोह में भोपाल के सुपरिचित कवि, फ़िल्मकार अनिल गोयल सम्मानित किए जाएंगे। संस्थान के संरक्षक डॉ. राष्ट्रबंधु ने बताया कि 17-18 मार्च को हरिद्वार में आयोजित होने वाले इस सम्मान समारोह में देश के अनेक लेखक व कलाकार शिरकत करेंगे। ज्ञातव्य है कि श्री गोयल छह माह की उम्र में पोलियो ग्रस्त हो गए थे।
फलस्वरूप उनके दोनों पैर और दायां हाथ सहित 70 प्रतिशत शरीर विकलांग हो गया। बावजूद इसके वे अत्यंत सक्रिय, कर्मठ, क्रियाशील और विविध विधाओं में मजे हुए कलाकार हैं। सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने वाले रचनाकार के रूप में उनको विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं से अनेक सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें न सिर्फ तेजस्वी कवि गीतकार के रूप में मान्यता मिली बल्कि स्क्रिप्ट राइटर, निर्माता-निर्देशक, कैमरामेन, उद्घोषक, गायक, अभिनेता, नेरेटर, पत्रकार, पेंटर के रूप में जाने जाते हैं।
कई वर्षों से उन्होंने हर उस विषय को विभिन्न माध्यमों से जनचिंता का आधार बनाया जो विलुप्त होते जा रहे हैं। अनेक नगरों-कस्बों में बुजुर्गों, बेटी, पशु-पक्षी, जंगल, पर्यावरण, पानी आदि पर केंद्रित उनकी कविता पोस्टर प्रदर्शनी, खास तौर पर ‘माँ’ और ‘बिटिया की चिठियां’ प्रदर्शनियां बहुचर्चित रहीं हैं। ‘उसी चौखट से’, ‘बिटिया की चिठियां’, ‘रोटी नहीं सवाल नया’ आदि उनकी चर्चित पुस्तकें हैं।
अनिल गोयल से 09425302353 पर संपर्क किया जा सकता है


