“आतंकी हमला करने वालों को ऐसी सख्त सजा मिलनी चाहिए जिससे एक सबक बन जाए कि जो लोग देश में इस तरह का हमला कर हमारी भावनाओं को भड़काने और शांति भंग करने का प्रयास करेंगे उसका अंजाम बहुत बुरा होगा”। ये बातें कही 15वीं लोकसभा के सबसे युवा कांग्रेस सांसद हमदुल्ला सईद ने सीएनईबी के शो यंग टॉक में। शो के होस्ट संपादक अनुरंजन झा के साथ खास बातचीत में हमदुल्ला सईद ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
लक्षद्वीप के 29 वर्षीय कांग्रेस सांसद हमदुल्ला सईद ने कहा कि विकास के लिए सबसे जरूरी शांति है अगर एक आम आदमी के भीतर यह डर होगा कि वह घर से निकलकर ऑफिस पहुंच पाएगा या नहीं तो विकास कैसे होगा। हमदुल्ला ने कहा कि मैंने कभी ये नहीं सोचा था कि राजनीति में आउंगा। मैं एलएलबी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाने की तैयारी में था लेकिन उसी बीच पिता का निधन हो गया, इसके बाद समय और परिस्थितियां बदल गईं और मैं राजनीति में आ गया। हमदुल्ला सईद ने कहा कि जनतंत्र में विरासत का कोई मायने नहीं होता है। आप जनता के बीच में जाते हैं और जीतकर संसद तक पहुंचते हैं। उन्होंने बेबाकी से कहा पीएम सईद का बेटा होने का फायदा एक बार मिलता है। अगर मैं काम नहीं करूंगा और लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरूंगा तो जनता हमें सबक सीखा देगी क्योंकि आज काफी समझदार हो चुकी है।
एक सवाल के जवाब में कांग्रेस सांसद ने कहा कि जब हमारी जनसंख्या में युवाओं की हिस्सेदारी ज्यादा है तो क्यों न उन्हें ज्यादा से ज्यादा भागीदीरी दें। उन्होंने कहा कि युवाओं की बात तो युवा ही बेहतर समझ सकते हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार हर प्रोफेशन में है और हर प्रोफेशन में अच्छे और बुरे लोग हैं। उन्होंने कहा कि जो आम जनता अपना प्रतिनिधि चुनकर संसद में भेजती है वही भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगा सकती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी को हिम्मत हारने की जरूरत नहीं है। सीएनईबी के इस शो का प्रसारण शुक्रवार 15 जुलाई को रात 9:30 बजे होगा और इसका दोबारा प्रसारण मंगलवार दोपहर 2:30 बजे होगा। प्रेस रिलीज


