नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की अरविंद केजरीवाल ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह सरकार असहनशील है, हमारे कार्यकर्ता सिर्फ हुड्डा से बात करना चाहते थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं। केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने दामाद (रॉबर्ट वाड्रा) को बचाने के लिए कांग्रेस ने यह सब करवाया है।
इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ता आज डीएलएफ−रॉबर्ट वॉड्रा और हरियाणा सरकार पर सांठगांठ के आरोपों को लेकर विरोध करने गए थे। उनके साथ मारुति के कुछ बर्खास्त कर्मचारी भी विरोध करने हुड्डा के घर पहुंचे थे। हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने हुड्डा के घर के बाहर लगे सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और वॉटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। खास बात यह है कि करीब 200 कार्यकर्ताओं के साथ उनका कोई बड़ा नेता वहां मौजूद नहीं था। प्रदर्शन के बाद हुड्डा के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उधर, अरविंद केजरीवाल घायलों से मिलने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों को लेकर पुलिस और केजरीवाल के बीच तीखी बहस भी हुई।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इंडिया अगेंस्ट करप्शन के अभियान के तहत रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा जमीन विवाद के विरोध में इंडिया अंगेस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सोनिया के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को जिस तरह जमीन दी गई है उसमें हुड्डा की भूमिका है। इस बात की भी जांच की जानी चाहिए।
हुड्डा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे आइएसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जबरन बस में बिठाया और किसी दूसरे स्थान पर ले गए, लेकिन इसके तत्काल बाद ही दूसरा जत्था आ पहुंचा। पुलिस ने इस बार हल्का बल प्रयोग किया। इससे पहले, हुड्डा के घर के बाहर जमा हुए लोगों पर पुलिस ने पानी की बौछार की। सैकड़ों की तादात में जमा हुए कार्यकर्ताओं को पानी की बौछार से शांत कराया गया। कार्यकर्ताओं ने हुड्डा के पुतले में भी आग लगाई।


