लापरवाही करना हमारा धर्म व जनता के प्रार्थना पत्र पर कार्यवाही न करना हमारा कर्तव्य है। सरकार से हमें इसी तरह से ही काम करने के लिए मोटा वेतन मिलता है। शायद यही सोचना है कानपुर केस्को विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों का जनता की समस्याओं पर विभाग का छोटा अधिकारी कहता है कि मैंने तो अपना काम कर दिया पर केस्को निर्माण खण्ड विभाग ही अपना काम नहीं कर रहा तो मैं क्या करुं। वहीं दूसरी ओर जनता पिछले दो वर्षों से केस्को विभाग से एक खम्भा लगवाने के सम्बन्ध में पत्राचार कर रही है।
पोखरपुर स्थित केन्द्रीय कोयला मंत्री के बंगले के बगल में रहने वाली शिवधाम की जनता पिछले दो वर्षों से केस्को विभाग से पत्राचार के माध्यम से लगभग हर माह ये बता रही है कि उसके क्षेत्र में दो खम्भों की आवश्यकता है और खम्भा न लगने की स्थिति में कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। किसी की भी जान जा सकती है परन्तु विभाग के अधिकारियों के कानों में जॅू तक नहीं रेंग रही। इस सम्बन्ध में क्षेत्रीय निवासी मनोज झा जो कि कानपुर कचहरी में पेशकार है। उन्होंने बताया कि मैं करीब ढाई वर्षों से जनता की तरफ से विभागीय अधिकारियों से पत्राचार के माध्यम से ये बता रहा हॅू कि हमारे क्षेत्र में दो बिजली के खम्भों की आवश्यकता हैं परन्तु कोई सुनता ही नहीं। इस सम्बन्ध में कई पत्र अपर अभियन्ता एजीएम से लेकर एमडी तक को दिये पर आज तक खम्भा नहीं लगा। सभी अधिकारी एक दूसरे के पास तो भेज देते हैं। परन्तु कार्यवाही के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिल जाता है। इस सम्बन्ध में दो बार लोक जन सूचना के माध्यम से भी जवाब मांगा गया परन्तु आज 9 महीने बीत गये उसका भी कोई जवाब नहीं मिला। बिल न जमा होने की स्थिति में तुरन्त जनता की समस्याओं का समाधान क्यों नहीं किया जाता। इस सम्बन्ध में जब विभाग के क्षेत्रीय जेई पीके परमार से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मैंने अपना काम कर दिया है। इस्टीमेट बना कर केस्को निर्माण खण्ड विभाग को भेज दिया है। अब काम उनका है वो जाने। गुरुवार खबर लिखे जाने तक एजीएम पीके मित्तल ने इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की कोई भी जानकारी न होना बताया।
मुझे इस सम्बन्ध में कोई भी जानकारी नहीं है। मैं अभी कानपुर से बाहर हूं। आप परसो आइये तब कुछ बता पाऊॅगा। – पीके मित्तल, एजीएम केस्को, जाजमऊ।
कानपुर से हिमांशु दीक्षित की रिपोर्ट.


