नई दिल्ली। दयानिधि मारन और मुरली देवड़ा समेत सात मंत्रियों की मंगलवार को होने वाले फेरबदल में छुट्टी कर दी गई है। लंबे समय कैबिनेट विस्तार और फेरबदल में नामों को लेकर चलने वाला कयास आज समाप्त हो गया। मारन और देवड़ा के अलावा बीके हांडिक, एमएस गिल, कांतिलाल भूरिया, ए साई प्रताप और अरुण यादव को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। कैबिनेट में कांग्रेस के वी किशोर चंद्र देव और तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी समेत आठ नए चेहरे को जगह दिया गया हैं। तीन मंत्रियों को प्रमोशन दे दिया गया है।
इस फेरबदल से मनमोहन की टीम में तीन नए कैबिनेट मंत्री, 4 स्वतंत्र राज्य मंत्री और 5 राज्य मंत्री शामिल हो गए हैं। यूपी में अगले साल होने वाले चुनाव तथा नाराजगी को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र प्रभार वाले इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा को कैबिनेट में शामिल किया गया है। बेहतर ढंग से काम करने की वजह से स्वतंत्र प्रभार वाले पर्यावरण राज्य मंत्री जयराम रमेश को प्रमोट करके कैबिनेट में जगह दी गई है। जयराम रमेश को ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। अब तक ग्रामीण मंत्रालय देख रहे विलास राव देशमुख को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में भेजा गया है।
अब वीरप्पा मोइली कंपनी मामलों के कैबिनेट मंत्री होंगे, जबकि सलमान खुर्शीद कानून मंत्रालय संभालेंगे। पवन कुमार बंसल को जल संसाधन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने से खाली हुआ रेल मंत्रालय तृणमूल कांग्रेस के पास ही रह गया है। दिनेश त्रिवेदी नए रेल मंत्री होंगे। तृणमूल कांग्रेस के राज्य मंत्री मुकुल रॉय को रेलवे के बजाय शिपिंग तक ही सीमित कर दिया गया है। फिलहाल वह दोनों मंत्रालय में राज्य मंत्री थे।
किशोर चंद्र देव को आदिवासी मामले और पंचायती राज मंत्रालय दिया गया है। कांग्रेस की प्रवक्ता जयंती नटराजन और पवन सिंह घाटोवर को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री बनाया गया है। जयंती नटराजन को पर्यावरण मंत्रालय दिया गया है। तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय, कांग्रेस के चरण दास महंत, जीतेंद्र सिंह, मिलिंद देवड़ा और राजीव शुक्ला को राज्य मंत्री बनाया गया है। आज शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ समारोह में सभी मंत्रियों को शपथ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल की क्षमता एक मंत्री के इजाफे के बाद 68 पर पहुंच जाएगी। मंत्रिमंडल में आठ नाम जुड़े हैं, जबकि सात हटाए गए हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में आने और जाने वाले मंत्रियों की सूची
कैबिनेट मंत्री
वी किशोर चंद्र देव : आदिवासी मामले और पंचायती राज
बेनी प्रसाद वर्मा : इस्पात
जयराम रमेश : ग्रामीण विकास
दिनेश चंद्र त्रिवेदी : रेलवे मंत्रालय
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
श्रीकांत जेना : सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन और रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री
जयंती नटराजन : पर्यावरण और वन
पवन सिंह घाटोवार : पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास
गुरूदास कामत : पेयजल और स्वच्छता
राज्य मंत्री
सुदीप बंदोपाध्याय : स्वास्थ्य और परिवार कल्याण
चरण दास महंत : कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग
जितेन्द्र सिंह : गृह मामले
मिलिंद देवड़ा : संचार और सूचना प्रौद्योगिकी
राजीव शुक्ला : संसदीय मामले
निम्नलिखित मंत्रियों के विभागों में परिवर्तन
विलासराव देशमुख : विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान
वी. वीरप्पा मोईली : कारपोरेट मामले
आनंद शर्मा : वाणिज्य और उद्योग, कपड़ा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
पी.के. बंसल : संसदीय मामले और जल संसाधन का अतिरिक्त प्रभार
सलमान खुर्शीद : कानून एवं न्याय और अल्पसंख्यक मामलों का अतिरिक्त प्रभार
राज्य मंत्री
ई अहमद : विदेश मामले और मानव संसाधन विकास
वी नारायण स्वामी : कार्मिक लोक शिकायत एवं पेंशन और प्रधानमंत्री कार्यालय
हरीश रावत : कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और संसदीय मामले
मुकुल रॉय : जहाजरानी
अश्विनी कुमार : योजना, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान
प्रधानमंत्री ने निम्नलिखित मंत्रियों के इस्तीफे राष्ट्रपति के पास भेजे :
दयानिधि मारन
मुरली देवड़ा
बी.के. हांडिक
एम.एस. गिल
कांतिलाल भूरिया
ए.साई. प्रताप
अरूण एस. यादव


