: महर्षि पाणिनी पीठ की स्थापना-धर्मवीर भारती फैलोशिप दी जाएगी : कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु समिति का गठन होगा : भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की पिछले दिनों सम्पन्न हुई महापरिषद, प्रबंध समिति एवं विद्या परिषद की बैठकों में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। विश्वविद्यालय के 37 पाठ्यक्रमों के आर्डिनेंस तथा विश्वविद्यालय के आगामी वर्ष के शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक कैलेण्डर का अनुमोदन विद्या परिषद ने किया। वार्षिक कैलेण्डरों में मार्च 2013 तक होने वाली विश्वविद्यालय की शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों की तिथियां निर्धारित की गयी हैं, जिनमें परीक्षा कार्यक्रम, परीक्षा परिणाम तथा खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित की गयी हैं। कुलपति प्रो0 कुठियाला ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि समयावधि में विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने व परीक्षा परिणाम घोषित करने के लिए आवश्यक है कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेण्डर का समयावधि में पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दृष्टि से इन कैलण्डरों को निर्धारित किया गया है।
कुलपति प्रो0 कुठियाला ने बताया कि विश्वविद्यालय के तीन नए परिसर ग्वालियर, खण्डवा एवं शहडोल में खोलने का निर्णय महापरिषद की बैठक में लिया गया। ग्वालियर में एडवांस मीडिया टेक्नालाजी एप्लीकेशन सेंटर, खण्डवा में प्रकृति से संवाद केन्द्र तथा शहडोल में विकास संचार केन्द्र की स्थापना का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में महर्षि पाणिनी पीठ की स्थापना का निर्णय महापरिषद की बैठक में लिया गया। विश्वविद्यालय व न्यूजीलैण्ड के आकलैंड स्थित यूनीटेक इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी के बीच सहभागिता करने का निर्णय महापरिषद में लिया गया। उल्लेखनीय है कि यूनीटेक इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी द्वारा अंतरराष्ट्रीय संचार विषय में स्नातक और स्नातकोततर पाठ्यक्रत संचालित किए जाते हैं। उक्त इंस्टीट्यूट संचार शिक्षा के क्षेत्र में फैकल्टी आदान-प्रदान, संचार विषय के अध्ययन और समान पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए बातचीत करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त ‘धर्मवीर भारती’ फैलोशिप प्रारंभ करने का निर्णय महापरिषद में लिया गया। महापरिषद और प्रबंध समिति की बैठकों की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने की। बैठक में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष जस्टिस मार्कण्डेय काटजू, वित्त मंत्री राघव जी, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सहित समितियों के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रो0 कुठियाला ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रबंध समिति ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के लिए एक समिति का गठन करने का निर्णय लिया। विश्वविद्यालय के बिसनखेड़ी में बनाए जाने वाले नए परिसर के निर्माण के लिए एक निर्माण सलाहकार यंत्री की नियुक्ति, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रो0 रामदेव भारद्वाज की विश्वविद्यालय में प्रतिनियुक्ति, प्रसिद्ध पत्रकार व इंडिया टुडे के पूर्व कार्यकारी संपादक जगदीश उपासने को विश्वविद्यालय में सलाहकार पत्रकारिता के पद पर नियुक्त करने का निर्णय प्रबंध समिति में लिया गया। प्रो0 कुठियाला ने कहा कि प्रबंध समिति ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का चिकित्सा भत्ता दोगुना करने का निर्णय लिया। अब विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को एक हजार रुपये प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता दिया जायेगा।


