2जी स्पेक्ट्रं मामले में गृह मंत्री पी.चिदंबरम के खिलाफ जनता पार्टी के नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने शनिवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में अहम सबूत पेश किए. अब इस केस की सुनवाई 21 जनवरी को होगी.
चिदंबरम के इस मामले में लिप्त होने को लेकर स्वामी ने अदालत को बताया कि उनके द्वारा दिए गए सबूत पूर्व टेलिकॉम मंत्रि ए.राजा के फैसलों में तत्कालीन वित्त मंत्रि पी. चिदंबरम के जुड़े होने का खुलासा करते है. उन्होंने अपने बयान में कहा, ये सबूत स्पेक्ट्रम लाइसेंस का मूल्य तय करने और सर्विस शुरू करने से पहले ही दो कंपनियों, स्वान टेलिकाम और यूनिटेक को हिस्सेदारी बेचने की अनुमति देने के मामले में ए.राजा द्वारा किए गए फैसलों में चिदंबरम की मिलीभगत, सांठगांठ औऱ सहमति पर से पर्दा उठाते हैं.
स्पेक्ट्रम के आवंटन और कीमतें तय करने में हुई गड़बड़ी को लेकर चिदंबरम को सहआरोपी बनाने की मांग कर रहे स्वामी ने सीबीआई की विशेष अदालत में इसके लिए याचिका दर्ज की थी. इन दस्तावेजों में 15 जनवरी 2008 को चिदंबरम की और से प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लिखा गया पत्र और चिदंबरम की प्रधानमंत्री और राजा के साथ हुई बैठक का ब्योरा भी शामिल है.


