बीजिंग। चीन के एक प्रमुख अखबार ने कहा है कि भारत बीजिंग के साथ अच्छे रिश्ते बनाने के साथ ही अपने राष्ट्रीय हित पर आधारित स्वतंत्र विदेश नीति को लेकर आगे बढ़ रहा है। ‘पीपुल्स डेली’ ने एक लेख में भारत की ‘पूर्वोन्मुखी नीति’ पर कहा, ‘‘भारत ने अमेरिका और जापान के साथ त्रिपक्षीय वार्ता की है। उसने वियतनाम, म्यामां और दक्षिण पूर्व एशिया के कुछ अन्य देशों के साथ नजदीकी संपर्क बनाए हुए है। इसे अमेरिका और भारत के बीच गठजोड़ के तौर पर नहीं देखा जा सकता। अखबार ने कहा कि भारत स्वतंत्र विदेश नीति पर अमल कर रहा है और यह मुख्य रूप से उसके अपने हितों पर आधारित है। लेख में कहा गया है कि यह कल्पना करना कठिन है कि भारत पूरी तरह से अमेरिका की विदेश नीति का अनुसरण करेगा। इसमें आगे कहा गया कि यह सोचना आधारहीन है कि भारत की पूर्वोन्मुखी नीति और उसकी अमेरिका को लेकर रणनीति एक ओर झुकी हुई है।


