गुवाहाटी। अखिल असम ग्रामीण कृषक संस्था ने कृषक मुक्ति संग्राम समिति के नेता तथा आरटीआई कर्मी अखिल गोगोई पर सरकार द्वारा किए जा रहे कथित अत्याचार के खिलाफ सड़क पर उतरने का फैसला किया है। संस्था अखिल की बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर अगले 10 जुलाई से 20 जुलाई के बीच धरना-प्रदर्शन करेगी जबकि 9 अगस्त को जेल भरो आंदोलन करेगा। आज यहां गुवाहाटी प्रेस क्लब में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष राजीव दत्त तथा महासचिव अरूप कुमार महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की सरकार से गणतंत्र को खतरा हो गया है। सरकार की दमनकारी नीतियों को मजबूति से जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि अखिल की बिना शर्त रिहाई, दिसपुर कांड की न्यायिक जांच, कामरूप नगर जिला पुलिस अधीक्षक की बर्खास्तगी नहीं की जाती है तो उनका संगठन पूरे राज्य में अनवरत आंदोलन छेड़ देगा। श्री महंत ने कहा कि सिर्फ अखिल की ही बात नहीं है। सरकार के खिलाफ बोलने वाले हर व्यक्ति को सरकार झूठे मुकदमें में फंसा कर जेल में बंद कर देती है। उन्होंने बताया 10 दिन पहले सिलचर में हैदर हुसैन नामक एक व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेज दिया गया। क्योंकि वह आशा कर्मियों को लेकर एक संस्था बनाया था और यह संस्था स्वास्थ्य विभाग को पच नहीं रहा था।
गुवाहाटी से नीरज झा की रिपोर्ट.


