
झाबुआ: मध्यप्रदेश के झाबुआ ज़िले में सिलेंडर फटने से भीषण विस्फोट हुआ है। जिसमें तकरीबन 82 लोगों के मारे जाने की आशंका हैं। जबकि 120 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा झाबुआ जिले के पेटलवाद कस्बे में स्थित रेस्तंरा में सुबह के समय हुआ। जिसने नजदीक के होटल और आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिस वजह से ब्लास्ट के बाद उस जगह लाशें बिछ गईं और मलबे का ढेर लग गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक धमाका उस वक़्त हुआ जब एक रेस्तंरा में गैस सिलेंडर फट गया। जिसके कारण पास की इमारत में रखे विस्फोटकों में धमाका हो गया। ये विस्फोटक पटाखे बनाने के लिए रखे गए थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि उससे करीब सौ मीटर के दायरे में मौजूद कुछ मकान भी तबाह हो गए और कई लोग मलबों के नीचे दब गए। हालांकि अभी घटनास्थल पर मलबे की वजह से मृतकों व घायलों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को दो लाख रुपए जबकि घायलों को इलाज के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। मलबा हटाने के लिए नेशनल डिजैस्टर रेस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) की टीम को गुजरात के वड़ोदरा से भेजा गया है। यह टीम मलबा हटाने में काम आने वाली खास मशीनों से लैस है।


