मुंगेर : क्या अब धरती का विनाश होने वाला है, ऐसा ही कुछ सोचकर बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण टोला के लोग दहल गए. ग्रामीणों में फटती धरती देखकर अफरातफरी मच गई. कल्याण टोला के पास एनएच80 से सटे खेतों में अचानक तेज आवाज के साथ धरती का सीना फटने लगा. ग्रामीण कुछ समझ पाते धरती फटते हुए आधा किलोमीटर तक चली गई. ग्रामीण अभी धरती के फटने की घटना से भौचक्क थे कि उसमें से धुंआ निकलने लगा.
इस घटना के बाद से ग्रामीण भयभीत हैं. बारह घंटे के भीतर दो बार उनके सामने धरती फट चुकी है. हालांकि इसके भीतर से निकलने वाला गैस नुमा धुंआ बंद हो चुका है पर ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं. एक ग्रामीण ने बताया कि बाहर घंटे के भीतर दो बार धरती फट चुकी है. तीसरी बार किसी अनहोनी की कल्पना करके ग्रामीण बुरी तरह डरे हुए हैं. जमीन से निकलने वाले धुंआ ने उन्हें और भयभीत कर दिया है.
इस संदर्भ में किसान शिव कुमार मंडल ने कहा कि सुबह अपना खेत देखने पहुंचा तो धरती फटी दिखी. लगभग डेढ़ फीट चौड़ाई में काफी दूर तक धरती फटी थी. आगे जाकर देखा तो वो अपने फटती जा रही थी और उसमें से सफेद धुंआ निकल रहा था. धरती फटने की खबर लगने के बाद हजारों लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई. सभी ने इस घटना को देखा. कई लोगों ने अपने अपने खेतों में धरती फटने की जानकारी दी. गांव के किसनदेव के घर में धरती फटने से उनके आंगन की दीवार गिर गई, जिसमें दबकर उनकी चार बकरियों की मौत हो गई. इस घटना के बाद से गांव के लोग दहशत में हैं.


