कुछ ही रोज पहले दो ट्रेन हादसों में दर्जनों लोगों के मरने और सैकड़ों लोगों के घायल होने की घटना के बाद एक नई घटना ने ट्रेन यात्रियों के होश फाख्ता कर दिए हैं. ताजी सूचना दिल्ली पटना राजधानी एक्सप्रेस के बारे में है. पटना से दिल्ली आ रही राजधानी एक्सप्रेस के यात्री मंगलवार रात एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गए.
इस ट्रेन के जनरेटर कोच में आग लग गई. हालांकि ट्रेन को तुरंत ही रोक कर स्थिति पर काबू पा लिया गया जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ. पर इस हादसे के बाद यात्री आशंकित हो गए. ट्रेन में अफरातफरी मच गई. उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस जैसे ही आनंद विहार स्टेशन पर पहुंची उसके जरनेटर कक्ष से धुआं उठने लगा. ट्रेन को तुरंत ही रोक लिया गया और धुआं उठने वाले डिब्बे को शेष बोगियों से अलग कर दिया गया. किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ.


