हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में पिछले छह दिनों से जिंदगी से जूझ रहे भारत के पूर्व कप्तान एवं सांसद मोहम्मद अज़हरुद्दीन के बेटे मोहम्मद अयाज़ुद्दीन की मौत हो गई है. 19 वर्षीय अयाज़ुद्दीन अजहर के छोटे पुत्र थे. वे उभरते हुए क्रिकेटर भी थे. अयाजुद्दीन बीते रविवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे और तभी से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. डॉक्टरों ने उन्हें अयाज को बचाने की काफ़ी कोशिशें कीं, लेकिन दुर्घटना में इतनी ज्यादा और गंभीर चोटें आई थी कि उसे बचाना संभव नहीं हो सका.
इस हादसे में अजहर की बहन के बेटै अजमल-उर-रहमान की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अयाज गंभीर रूप से घायल हो गया था. डाक्टरों ने इलाज के दौरान अयाज का एक गुर्दा भी निकाल दिया था, फिर भी उसे बचाया नहीं जा सका. डाक्टरों ने बताया कि अयाज के फेफड़ों, गुर्दे, जिगर, पित्त और सीने पर गहरी चोटें लगी थीं. अयाज के दिमाग को लम्बे समय तक आक्सीजन न मिलने से उनकी हालत और ज्यादा क्रिटिकल हो गई थी.
गौरतलब है कि यह जानलेवा दुर्घटना उस समय हुई, जब अयाज़ रविवार की सुबह साढ़े छह बजे अपनी नई इम्पोर्टेड मोटर साइकिल चलाने के लिए हैदराबाद आउटर रिंग रोड गए थे और उनके फुफेरे भाई अजमल भी उनके साथ थे. दुर्घटना के समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते अयाज इस पर से नियंत्रण खो बैठे तथा सड़क के बीच बनी दीवार से टकरा गए. अज़हर ने अपने बेटे को यह मोटर साइकिल इसी महीने ईद के अवसर पर तोहफे के रूप में दी थी. सुज़ुकी जीएसएक्सआर 1000 सीसी की यह बाइक उन्होंने 13 लाख रुपए में ख़रीदी थी.
जैसे ही अयाज़ की मौत की ख़बर फैली, कई प्रमुख हस्तियाँ अपोलो अस्पताल पहुँच गईं. इनमें मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी, हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी, कई दूसरे सांसद, राजनेता, खेल और फ़िल्म जगत के लोग भी शामिल थे. अयाज़ अज़हरुद्दीन की पहली पत्नी नौरीन से हुए दो बेटों में से छोटे थे. नौरीन भी दुर्घटना की ख़बर मिलते ही हैदराबाद पहुँच गई थीं, जबकि अज़हर उस समय लंदन में थे, लेकिन वे दूसरे दिन हैदराबाद पहुँच गए थे.


