केकड़ी : क्षेत्र के ग्राम काचरिया में एक 16 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक बलात्कार करने का मामला सामने आया है। मानवता को झंकझोर देने वाली इस घटना पर से पर्दा तब उठा जब बालिका ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। करीब डेढ़ माह पूर्व ग्राम कारिया ग्राम निवासी एक बालिका प्रतिदिन की भांति घर में शौचालय ना होने के कारण पास के जंगल में शौच करने निकली। तब तक उसे यह पता नहीं था कि अगले ही पल उसके साथ क्या होने वाला हैं। जब बालिका घर से थोड़ी दूर पहुंची तो उसकी राह देख रहे ग्राम काचरिया निवासी ही दो युवकों ने उसे दबोच लिया तथा उसके साथ बारी बारी से बलात्कार किया।
बालिका के साथ दुष्कर्म करने के बाद युवक उसे उसके घर से थोड़ी दूर सड़क पर पटक गये तथा धमका कर गये कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसके साथ साथ उसके घर वालों को भी मौत के घाट उतार देंगे। बालिका बुरी तरह सहम गई तथा घर आकर किसी से कुछ नहीं कहा। बालिका उस दिन से ही सहमी सहमी रहने लगी व खाना पीना तक छोड़ दिया। परिवार वालों ने पहले तो बालिका को किसी बीमारी से ग्रस्त समझ कर इतना ध्यान नहीं दिया परन्तु इंसानी दरिंदों ने अब बालिका को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया तथा 24 जनवरी को उसके साथ फिर से बलात्कार करने का प्रयास किया। इससे घबरा कर बालिका ने आत्महत्या करने का प्रयास किया।
किसी तरह परिवार वालों को इसकी भनक पड़ गई और उन्होंने उसे बचा लिया तब जाकर बालिका ने अपनी आपबीती परिवार वालों को बताई। इसके बाद पिड़िता के पिता हरकचन्द्र ने केकड़ी पुलिस थाने में महावीर प्रसाद पुत्र रामनिवास जाट व कन्हैयालाल पुत्र सूरज करण जाट के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़िता के मां बाप की आंखों के आंसू अब भी नहीं सुख पा रहे हैं तथा अपनी नम आंखों के साथ ही अपनी बेटी के साथ किये गये इस घिनौने कृत के आरोपियों को सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। पीड़िता के पिता ने इस संबंध में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक व केकड़ी विधायक रघु शर्मा से भी फरियाद लगाई जिस पर विधायक ने उन्हें न्याय दिलाने का वादा किया।
केकड़ी पुलिस वृत निरीक्षक राजेश वर्मा ने बताया कि मामला आया है बालिका का मेडिकल करवा लिया है तथा जांच जारी है। पूरे मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद यही कहा जा सकता है कि हैवानियत की कोई उम्र व शक्ल नहीं होती।
केकड़ी से पीयूष राठी की रिपोर्ट.


