मुरादाबाद : ना रजिस्ट्रेशन की ज़रूरत ना नंबर प्लेट की बस प्रेस लिखवाया और चल दिए सड़कों पर, ना किसी का डर ना किसी का खौफ, बस सिर्फ प्रेस का धौंस जमा कर सड़कों पर घूमने वाले ऐसे वाहन कानून की धज्जियाँ उड़ाते नज़र आते हैं। मज़े की बात ये है कि पुलिस भी ऐसे वाहन को रोकने से भी डरती है कि कहीं उल्टा लेनी की देनी ना पड़ जाये। ये बात सौ फीसदी सच है कि प्रेस लिखवा कर कोई भी बिना नंबर प्लेट या बिना हेलमेट के सड़कों पर निकल पड़ता है। मुरादाबाद में ऐसे ना जाने कितने तीन पहिया और चार पहिया वाहन हैं, जो प्रेस लिखवा कर सड़कों पर खूब ठूंस-ठूंस कर सवारियां भरकर कानून की धज्जियां उड़ाते नज़र आते हैं जिन्हें पुलिस द्वारा कभी भी रोका नहीं जाता।
मुरादाबाद में तो जैसे वाहनों पर प्रेस लिखवाकर मनमानी करने का फैशन चल रहा हो। तमाम सवारी ठोने वाले वाहन भी आगे पीछे प्रेस लिखवाकर बेधड़क सड़कों पर फर्राटा भरते हैं। मुरादाबाद की सड़क पर दौड़ रहे ऐसे ही एक वाहन को कैमरे में कैद किया गया, जिस पर नंबर प्लेट तो थी लेकिन नंबर पूरी तरह मिटा हुआ था। नज़र आ रहा था तो सिर्फ मोटे अक्षरों में लिखा प्रेस शब्द और ठसा-ठस भरी हुई सवारी.
मुरादाबाद से इमरान जहीर की रिपोर्ट.


