मेड्रिड। स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कप्तान इकेर कासिलास अपनी पत्रकार प्रेमिका सारा कार्बोनेरो के साथ जुलाई में शादी रचाने जा रहे हैं। लक्टुरास पत्रिका ने अपने मार्च संस्करण में इस बात की जानकारी दी है। पत्रिका ने इस खबर को मुख्य पृष्ठ पर भी शामिल किया है। कासिलाव के नेतृत्व में स्पेन ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित फीफा विश्व कप जीता था। इसके बाद से कासिलास का नाम पूरे विश्व में चर्चा का विषय बन गया था। तभी से कासिलास के अपनी पत्रकार प्रेमिका से शादी करने की चर्चाएं थी।
कासिलास और सारा की शादी की खबर टि्वटर पर भी चर्चा का विषय है। दोनों के बीच 2010 विश्व कप के दौरान प्रेम हुआ था। सारा ने विश्व कप के दौरान कई मौकों पर कासिलास का इंटरव्यू किया था। खिताबी मुकाबला जीतने के बाद कासिलास ने कैमरे के सामने ही सारा को चूम लिया था। अगले दिन कासिलास और सारा की यह तस्वीर पूरी दुनिया में छा गई थी।


