भोपाल। दैनिक भास्कर भोपाल के सिटी रिपोर्टर राजेश गाबा (प्रिंस गाबा) को वर्किग जर्नलिस्ट एसोसिएशन फॉर यूथ ने कला, साहित्य, संस्कृति, पर्यटन व फिल्म और सामाजिक मुद्दों पर उत्कृष्ट रिपोर्टिग और साहित्यिक, कला, फिल्म क्षेत्र में श्रेष्ठ योगदान के लिए यूथ ऑफ जर्नलिस्ट ‘यूथ आइकॉन’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजेश गाबा के साथ उनके पिता देशराज गाबा ने ग्रहण किया। उन्हें यह सम्मान शुक्रवार को शहीद भवन में भव्य समारोह में सुप्रसिद्ध गीतकार ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ गीत के रचयिता अभिलाष, वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष पुष्पेंद्रपाल सिंह ने प्रदान किया। सम्मान समारोह से पूर्व ‘आज की पत्रकारिता और उसका असर’ विषय पर परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा, पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष पुष्पेंद्रपाल सिंह ने अपने विचार भी व्यक्त किए जा चुका है।
आर्ट व फिल्म क्रिटिक के रूप में म्यूजिक, डांस, थियेटर, फैशन जगत की दिग्गज हस्तियां अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरूख खान, ऐश्वर्या राय, आमिर खान, गुलजार, जगजीत सिंह, एआर रहमान, प्राण, गोपालदास नीरज जैसे लगभग 5000 से ज्यादा सेलिब्रिटी के स्पेशल इंटरव्यू कर चुके हैं। साथ ही विज्ञान, शिक्षा और राजनीति से जुड़े दिग्गजों के एक्सक्लुसिव इंटरव्यू भी किए। इसके लिए कई बार आपको सम्मानित किया जा चुका है। अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंशराय बच्चन के भोपाल में हुए मधुशाला कविता पाठ कार्यक्रम के लाइव कवरेज के लिए कई अवार्ड मिले। फर्स्ट पर्सन में लिखी उस रिपोर्ट के लिए दैनिक भास्कर के मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर अग्रवाल ने आपको प्रशंसा प्रोत्साहन पत्र देकर सम्मानित किया। पत्रकारिता के साथ फिल्म जर्नलिज्म, मॉस मीडिया और वॉइस ओवर पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में राजेश गाबा कई कॉलेज में पढ़ाते भी हैं। उद्घोषक, लेखक, समीक्षक और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हैं। इस वर्ष बेस्ट यूथ फोटोग्राफी अवार्ड दिलीप साहू, उमाकांत व्यास, यूथ ऑफ जर्नलिस्ट अवार्ड जुबेर कुरैशी और सुदीप सिन्हा को प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन फिल्म प्रोड्यूसर राजकुमार गर्ग ने किया। समारोह में फिल्म प्रोड्यूसर राजाराम पाटीदार समेत बड़ी संख्या में पत्रकारिता, कला से जुड़े लोग मौजूद थे। (भास्कर)


