पूर्वांचल की बेहाल सड़कों से आज भारत के उप राष्ट्रपति हुए रूबरू। जी हां, देश के उपराष्ट्रपति डा. हामिद अंसारी मंगलवार यानी 25 दिसम्बर को एक कार्यक्रम मे शिरकत करने गाजीपुर पहुंचे। ख़राब मौसम के कारण उप राष्ट्रपति हामीद अंसारी को वाराणसी से गाजीपुर तक सड़क मार्ग से यात्रा करनी पड़ी। अचानक कार्यक्रम में हुए बदलाव के कारण जहां नेशनल हाइवे के गड्ढों का भराव नहीं हो पाया वही निश्चित ही सुशासन के गड्ढों की तकलीफ भी श्री अंसारी जी को झेलनी पड़ी होगी। दूसरी बार उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद हामिद अंसारी पहली बार अपने गृह जनपद आये हुये थे। इससे पूर्व अपने पहले कार्यकाल के दौरान डा. हामिद अंसारी का वर्ष 2009 में अपने गृह जनपद आना हुआ था।

उपराष्ट्रपति आज गाजीपुर के डा. एम.ए. अंसारी इण्टर कालेज के वार्षिक समारोह में शिरकत करते हुये छात्र छात्राओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुये सभी के लिये बेहद जरूरी बताया। साथ ही भारत की तरक्की और महाशक्ति बनाने की बात कही। गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी गाजीपुर के मुहम्मदाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। आज गाजीपुर आगमन के दौरान वे कब्रिास्तान भी गये और अपने पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ा। अपने परिजनों से मिलने के बाद वे दिल्ली के लिये हेलीकाप्टर से रवाना हो गये। उपराष्ट्रपति को वायुसेना के हेलीकाप्टर से गाजीपुर आना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से वे सड़क मार्ग से अपने गृह जनपद पहुंचे।
गाजीपुर से कृपा कृष्ण की रिपोर्ट.


