लखनऊ। प्रधानमंत्री मोदी की मथुरा रैली में जान से मारने की धमकी देने वाले युवक का पता चल गया है. जिस मोबाइल नंबर से मैसेज आया था पुलिस ने उसके माध्यम से युवक का पता लगा लिया. देर रात उसके मथुरा के नवझील स्थित घर में दबिश दी गई लेकिन वह नहीं मिला. पुलिस ने उसके भाई को हिरासत में लिया है. लेकिन आरोपी अभी तक फरार है.
शनिवार को प्रधानमंत्री के लिए आए एक धमकी भरे एसएमएस और पत्र से पुलिस सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गई थी. मैसेज मथुरा में एक व्यक्ति के मोबाइल पर गुरुवार देर रात आया था, जिसने इसे पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह को फॉरवर्ड कर दिया. एसपी क्राइम अशोक कुमार राय ने बताया कि कुछ दिन पहले एक धमकी भरा पत्र भी एसएसपी कार्यालय में आया था. शाम को मामले में कुछ सुराग मिलने पर पुलिस की टीमों ने सुरीर क्षेत्र के एक भट्ठे पर दबिश देकर उसके मुनीम को उठा लिया. देर रात नौहझील इलाके में भी कई जगह दबिश देकर चार-पांच संदिग्धों को उठाया गया है. इसके बाद पुलिस को पता चला कि मैसेज करने वाला नौहझील के नावली गांव का रामवीर है. यह भी पता चला कि उसने फर्जी आइडी से सिम खरीदी थी. इस पर पुलिस ने नावली गांव में दबिश दी, लेकिन रामवीर हाथ नहीं आया.एसएसपी डॉ. राकेश ¨सह ने बताया कि जल्द ही रामवीर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा


