: कराची प्रेस क्लब के 14 पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल मुंबई दौरे पर : मुंबई : भारत और पाकिस्तान दोनों पड़ोसी देशों के बीच आपसी सौहार्द एवं मित्रता निर्माण करने की क्षमता दोनों दोशों के प्रसार माध्यमों में है। यदि दोनों देश की मीडिया इसे वास्तविक रूप से चित्रित करें तो दोनों की कटुता समाप्त हो सकती है और आपसी भाईचारा बहाल हो सकता है। यह बातें राज्य के सार्वजनिक निर्माण व पर्यटन मंत्री छगन भुजबल ने कही। श्री भुजबल मुंबई के दौरे पर आए पाकिस्तान के पत्रकारों के साथ विशेष बातचीत के दौरान बोल रहे थे। प्रेस क्लब, मुंबई के निमंत्रण पर 21 मई, 2012 को पाकिस्तान की ओर से कराची प्रेस क्लब के 14 पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर आया है। प्रेस क्लब की ओर से 22 मई को स्नेहभोज का आयोजन किया गया था।
महाराष्ट्र सरकार और राज्य की जनता की ओर से श्री भुजबल ने शिष्टमंडल का स्वागत किया और कहा कि दोनों राष्ट्र के बीच आपसी संबंध बढ़ानें में दोनों देशों के मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रसार माध्यमों को सकारात्मक रवैया अपनाते हुए अपना काम करना चाहिए। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष गुरबीर सिंह, चेअरमैन प्रकाश आकोलकर, सचिव सुनील शिवदासानी, सह-सचिव देवदास मटाले, उपाध्यक्ष संतोष बने, कोषाध्यक्ष अजित जोशी, वरिष्ठ पत्रकार जतीन देसाई, संजीब साबडे सहित प्रेस क्लब व्यवस्थापन समिति के अनेक सदस्य और प्रतिनिधि उपस्थित थे।
पाकिस्तान से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल में कराची प्रेस क्लब के अध्यक्ष व द न्यूज इंटरनेशनल के वरिष्ठ पत्रकार ताहिर हसन खान, जंग ग्रुप ऑफ न्यूजपेपर्स के संपादक (इंटरनेट) फाजिल जमीली, डेली बिजनेस रिकार्डर के उपसंपादक मुहम्मद सईद सरबाजी, एक्सप्रेस टीवी के कार्यकारी निर्माता मुहम्मद फैसल सयानी, दै. अवाम के छायाचित्रकार मुहम्मद सईद कुरेशी, आर्य न्यूज के कार्यकारी संपादक सिराज अहमद, आर्य न्युज हैदराबाद के फरहान आफंदी, द न्यूज इंटरनेशनल की वरिष्ठ प्रतिनिधि श्रीमती शमीम शेख, स्वतंत्र पत्रकार श्रीमती नगमा इख्तिदार, जिओ न्यूज के प्रतिनिधि अकबर अली, दे. अमन के वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल कुद्दूस, दै. हुर्रियत कराची के प्रतिनिधि जुल्फिकार अली, दै. सिंध हैदराबाद के श्री महेश तथा पाकिस्तान इंस्ट्टीयूट ऑफ लेबर एजुकेशन एंड रिसर्च के कार्यकारी संचालक करामत अली शामिल हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 14 नवंबर,2011 को मुंबई प्रेस क्लब के 22 सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल कराची प्रेस क्लब के आमंत्रण पर पाकिस्तान के दौरे पर गया था जो 21 नवंबर, 2011 को मुंबई वापस आया था। उसी समय मुंबई प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने कराची प्रेस क्लब के सदस्यों को भारत आने का न्यौता दिया था।
मुंबई से आफताब आलम की रिपोर्ट.


