मुंबई: केंद्रीय कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते को बढ़ाये जाने की खबरों को पूर्ण विराम लगाते हुए सरकार ने आज केंद्रीय कर्मचारियों का इंतजार खत्म कर दिया। कैबिनेट ने आज अपनी अहम बैठक में केंद्र सरकार के कर्मचारियों का महंभाई भत्ता (डीए) 6 प्रतिशत बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। यह नया महंगाई भत्ता एक जुलाई 2015 से लागू होगा। जानकारों की मानें तो बिहार चुनाव से पहले सरकार का यह ऐलान काफी मायने रखता है। इसके साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 113 से बढ़कर 119 फीसदी हो गया है। इससे करीब एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनधारियों को फायदा मिलेगा।
इससे पहले अप्रैल में ही सरकार ने 6 फीसदी डीए बढ़ाया था, जो जनवरी से लागू हुआ था। डीए के प्रस्ताव के अलावा इस बैठक में और भी कई बड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं। इसमें व्हाइट लेबल एटीएम सेक्टर में ऑटोमेटिक रूट से 100 फीसदी एफडीआई का प्रस्ताव, मैन्युफ़ैक्चरिंग सेक्टर के लिए ई-कॉमर्स का रास्ता आसान करने के प्रस्तावों पर चर्चा भी शामिल है।


