: लाखों के नकदी और आभूषण पर हाथ साफ किया : गोरखपुर। ग्रामीणों ने पहले नेता समझा लेकिन उन डकैतों ने सहजनवां थाना क्षेत्र के पिपरौली ब्लाक के पांच गांवों में दहशत पैदा कर दी। रविवार की रात इस क्षेत्र के पांच गांवों से डकैतों ने नगदी समेत करीब सात लाख रुपये का माल लूट लिया। बोलेरो सवार आठ डकैतों ने दहशत कायम करने के लिये जाते समय फायरिंग भी की। गोली का छर्रा लगने से एक मासूम बच्चा मामूली रूप से जख्मी भी हुआ।
लाव लश्कर के साथ पहुंचे लुटेरों को ग्रामीणों ने पहले नेता समझा, बाद में जब वह असलहा निकालकर परिवारों को बंधक बनाने लगे तब जाकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी पीड़ितों से सामानों की लिस्ट मांगी है। रविवार की रात बोलेरो सवार आठ बदमाश रात करीब 10 बजे तिलहरा गांव में लालधर उर्फ साधु के घर पहुंचे। दरवाजे पर गाड़ी आते देखकर साधु ने समझा कि कोई नेता प्रचार में आया है। तभी वाहन से उतरे बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे कवर कर लालधर के घर में लूटपाट किया। फिर उसके पड़ोसी राम सकल के वहां पहुंच गए। इसी तरह तेनुअन निवासी खेदू, उसके पड़ोसी बहावन, अड़िलापार गांव के अवधेश और उसके पड़ोसी सतीश सिंह के घर लूटपाट करने के बाद रात दो बजे खरैला गांव के राजेंद्र के घर भी उत्पात मचाया। पांचों गांवों से लाखों रुपये का सामान समेटने के बाद बदमाश आराम से निकल लिये। इससे पहले उसका गांव निवासी के एक व्यक्ति के घर पहुंचे बदमाशों ने गेट खोलने का प्रयास किया। लेकिन वहां उनको कोई कामयाबी नहीं मिली।
सहजनवां थाना क्षेत्र के चार गांवों के सात घरों में बीती रात डकैती डाल बदमाशों ने 1.73 लाख रुपए नकद और लगभग चार लाख रुपए का जेवर व कपड़ा लूट लिया। लालघर के यहां से डकैतों ने 18 हजार रुपए नकद और लगभग 40 हजार का जेवर-कपड़ा लूट लिया। वहां से निकलने के बाद पड़ोसी रामसकल के यहां डकैत पहुंचे और उनके यहां से 30 हजार नकद तथा 50 हजार का कपड़ा व जेवर लूट लिया। गांव से निकलने के बाद डकैत पड़ोसी गांव तेनुअन पहुंचे और खेदू के घर से 1 लाख रुपए नकद तथा 50 हजार का जेवर-कपड़ा लूट लिया। खेदू के पड़ोस में रहने वाले बहावन के घर से डकैतों ने 14 हजार नकद और पचास हजार रुपए कीमत का जेवर-कपड़ा लूट लिया। अड़िलापार निवासी अवधेश के घर से डकैतों ने 1 लाख रुपए कीमत का जेवर-कपड़ा तथा पड़ोसी कपिल के घर से 45 हजार का जेवर-कपड़ा लूट लिया। वहां से निकलने के बाद बदमाशों ने खरैला गांव निवासी रविन्द्र विश्वकर्मा के यहां से 11 हजार नकद और लगभग 70 हजार का जेवर-कपड़ा लूट लिया तथा धमकी देते हुए फरार हो गए। एक ही रात चार गांवों में डकैती पड़ने से ग्रामीण भयभीत हैं, वहीं पिपरौली चौकीप्रभारी अंशुमान यदुवंशी का कहना है कि चोरी की वारदात हुई है।


