देवरिया। लाठी चार्ज के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुण्डागर्दी चरम पर है। मायावती के इशारे पर पुलिस काम कर रहीं है। शान्तिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां चलाकर अंग्रेजी शासन की याद ताजा कर दी है। उन्होंने कहा कि लाठी चार्ज में दर्जनों कार्यकर्ता घायल है। जिनका इलाज करवाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि पुलिस से भाजपा कार्यकर्ताओं को पिटवाकर मायावती अपने ताबूत में कीलें ठुकवा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अत्याचार और गुण्डागर्दी बढ़ गयी हैं। प्रदेश सरकार विरोधियों पर लाठियां चलवा रही है तथा उनकी हत्या के लिए कुचक्र रच रही है। उत्तर प्रदेश व बिहार, दो राज्यों को जोड़ने वाली इस सड़क अत्यन्त जर्जर है। पथरदेवा के पूरे कस्बे में लगभग एक किलोमीटर लम्बी इस सड़क पर साल भर पानी जमा रहता है। इस समय तो यह घुटनों तक पहुंच गया है। जिससे न केवल आवागमन में काफी दिक्कतें होती है। बल्कि आये दिन दुर्घटनायें भी हो रही है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के विकास के दावों को खोखला तथा हवा हवाई बताया। श्री शाही ने स्थानीय जिला प्रशासन पर भी लापरवाही बरतने तथा बसपा के एजेन्ट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक निर्माण विभाग की इस सड़क तथा कंचनपुर चौराहा को शीघ्र ही ठीक नहीं कराया गया तो वे स्थानीय लोगों के साथ आन्दोलन करने पर बाध्य होंगे। इस अवसर पर पूर्व विधायक जय प्रकाश निषाद, गौरी बाजार के जन्मेजय सिंह, कुशीनगर के नुथनी कुशवाहा तथा विजय कुमार शुक्ला, दुर्गेश पाण्डे, राजेन्द्र मल्ल आदि प्रमुख नेता और सैकड़ों अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.


